नगर वासियों ने अक्षत कलश का पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
भिण्ड, 21 दिसम्बर। विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में गोहद नगर में भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में अयोध्या धाम से आए पूजित अक्षत का कलश भव्य राम दरबार एवं दंदरौआ धाम से पधारे संत रथ पर सवार होकर चल रहे थे। रामधुनी के साथ संपूर्ण सामाजिक संगठन एवं हिन्दू समाज के संगठन भव्य शोभा यात्रा में से सहभागी होकर चल रहे थे। साथ में चल रही थी मातृशक्ति। यह भव्य समागम गोहद नगर को धर्म नगरी का स्वरूप प्रदान कर रहा था।
अयोध्या से पहुंचे कलश को लेकर गोहद में भव्य शोभायात्रा छेकुर वाले मन्दिर से निकाली गई, इसके पूर्व कलश को सिर पर रखकर बग्गी पर स्थापित किया गया, साथ ही दंदरौआ महाराज महामण्डलेश्वर रामदास महाराज के शिष्य रामबरन जी का स्वागत किया। यहां भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने आरती कर शोभायात्रा प्रारंभ की। इस अवसर पर नगर जयश्रीराम के उदघोष से गुंजायमान हो गया, नगर में स्थान-स्थान पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल, किसान संघ, विद्यार्थी परिषद, हिन्दू जागरण मंच, सेवा भारती, विद्या भारती, क्रीडा भारती, गायत्री परिवार, सिया बोल परिवार एवं विभिन्न समाज के मुखिया, माता-बहनें उपस्थित रहे। नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन ने भव्य यात्रा में सहयोग प्रदान कर एक मिसाल कायम की।
गोहद में दिखी गंगा जमुनी तहजीब
कलश यात्रा के अवसर पर गोहद में गंगा जमुनी तहजीब देखने को मिली। यहां जात-पात, धर्म को छोडकर लोगों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। यहां मुस्लिम भाइयों के घर से भी पुष्पवर्षा की गई। यात्रा में हिन्दू, मुस्लिम व सिख समाज के लोग शामिल होकर जयश्रीराम का उदघोष कर रहे थे।
घर-घर पहुचकर भेंट करेंगे अक्षत
22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मन्दिर निर्माण के उदघाटन अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हिन्दू संगठनों द्वारा अक्षत भेंट कर आमंत्रण दिया जाएगा। साथ ही 22 जनवरी के दिन को दीपावली के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। साथ ही अनुरोध करेंगे कि इस दिन प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के दरवाजे पर तोरणद्वार लगाकर दिया लगाए, साथ ही मन्दिर में सामूहिक आरती में शामिल हों।