– अशोक सोनी ‘निडर’
मध्य प्रदेश एवं अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव में सभी प्रबुद्ध मतदाताओं से राष्ट्रहित में अपने अधिकारों का उपयोग करने की अपील-
लेते हैं हम शपथ आज अपने दायित्व संभालेंगे।
लोकतंत्र के महायज्ञ में एक आहुति डालेंगे।।
कलियां फिर से खिलें चमन में चहुंओर खुशहाली हो।
फल फूलों से लदी हुई भारत की डाली-डाली हो।।
नदियां कल कल करती जाएं, झरने बहते रहें सदा।
रश्मि रथी के अश्व गगन में नव पद धरते रहें सदा।।
हर बेटा हो राजकुंअर और हर बेटी शहजादी हो।
खाने-पीने, सोने-जगने, रहने की आजादी हो।।
रोटी, कपडा, घर हो, बातें रोजगार की सच्ची हों।
शिक्षा, न्याय, चिकित्सा और परिवहन व्यवस्था अच्छी हो।।
रोज सुबह हम भारत मां के बारम्बार चरण चूमें।
सायंकाल निर्विघ्न आरती के स्वर कानों में गूंजे।।
मस्जिद रोज अजानें गाएं, मठ से मंत्रोचारण हो।
गुरुद्वारे से नित्य नित्य गुरुवाणी का उच्चारण हो।।
अगर चाहते हो भारत का ऐसा ही परिदृश्य रहे।
तब मतदान दिवस का अपने मन में भाव अवश्य रहे।।
नवनिर्मित होते भारत की सब तस्वीरें लाया है।
मिलकर इसे मनाते हैं यह पर्व अनोखा आया है।।
हम जीवन की भागदौड से थोडा समय निकालेंगे।
लोकतंत्र के महायज्ञ में एक आहुति डालेंगे।।
अशोक सोनी ‘निडर’
(फूफ, जिला भिण्ड)