किसानों को पर्याप्त यूरिया, डीएपी खाद उपलब्ध कराया जाए : संजीव सिंह

भिण्ड विधायक ने मुख्यमंत्री से किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की

भिण्ड, 28 सितम्बर। विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू ने रबी सीजन की फसल की बोवनी के लिए जिले के किसानों को पर्याप्त यूरिया, डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग करते हुए कहा है कि बाढ़ और अतिवर्षा से किसानों की हालत पहले से ठीक नहीं है। अब किसानों को रबी सीजन की फसल से उम्मीदें हैं, लेकिन रबी सीजन में सरसों और गेहूं की फसल की बोवनी के लिए किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रहा है। विधायक ने कहा जिले में किसानों को पर्याप्त खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
विधायक संजीव सिंह संजू ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग करते हुए कहा है जिले में पिछले वर्ष करीब 1.80 लाख हेक्टेयर में सरसों की फसल की गई थी। इस बार बारिश ज्यादा होने से सरसों के रकबे में 30 फीसद तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी तरह पिछले वर्ष करीब 1.30 लाख हेक्टेयर में गेहूं की फसल में बोवनी की गई थी। इस बार गेहूं का रकबा भी बढ़ेगा। अच्छा उत्पादन लेने के लिए फसल की समय पर बोवनी बेहद जरूरी है। विधायक ने कहा जिले में रबी सीजन की फसल के लिए करीब 30 हजार मीट्रिक टन डीएपी और 15 हजार मीट्रिक टन यूरिया की आवश्यकता है। विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि जिले के अन्नदाता किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद के विशेष रैक भिजवाएं जाएं, ताकि किसानों को बिना कतार में लगे अपनी उपज के लिए आसानी से पर्याप्त खाद मिल सके।