रंजिश के चलते प्रौढ को मारी गोली, गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर

भिण्ड, 21 अक्टूबर। मौ थाना क्षेत्र के ग्राम बमरौली में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में विवाद हो गया। गाली-गलौच के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कट्टे से फायरिंग कर दी, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। थाना पुलिस ने देहाती नालसी पर से धारा 307, 294, 34 भादंवि के तहत अपराध क्र.250/23 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक फरियादी सचिन पुत्र राजबहादुर यादव निवासी बमरोली ने थाना पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह गांव के मनोज यादव, धीरज यादव, उपेन्द्र यादव एवं विष्णु यादव उसके घर के सामने आए और पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौच करते हुए विवाद करने लगे। गालियां देने से मना किया तो उन लोगों ने एकराय होकर कट्टे से फायर कर दिए। जिससे एक गोली धर्मवीर सिंह यादव पुत्र नारायण सिंह यादव उम्र 43 साल निवासी ग्राम बमरौली के बांए हाथ की कोहनी में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया गया।