ग्वालियर, 21 अक्टूबर। शारदीय नवदुर्गा महोत्सव के पावन अवसर पर सेवार्थ जनकल्याण समिति की मोनी बाबा आश्रम इकाई पर शनिवार को विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभागियों ने मनमोहक गरवा नृत्य प्रस्तुत किया।
भारतीय समाज में विभिन्न अंचलों में देवी की आराधना विभिन्न साधनों से की जाती है। गरबा नृत्य उनमें से एक है। विगत एक माह से शगुन शर्मा तथा अदिति सेवार्थ पाठशाला के विभिन्न केन्द्रों पर जाकर के बेटियों की तैयारी करवा रही थीं। शनिवार की शाम चार बजे प्रारंभ हुए कार्यक्रम में दो घण्टे में बेटियों ने समूहों में विभिन्न थीम्स पर नृत्यों की प्रस्तुति दीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संभाग आयुक्त दीपक सिंह की धर्मपत्नी अमिता सिंह, पूर्व संभाग आयुक्त बीएम शर्मा की धर्मपत्नी उमा शर्मा, अनीता अग्रवाल थीं। अध्यक्षता सेवार्थ जनकल्याण समिति की संरक्षिका शकुन वैश्य ने की। जूनियर और सीनियर ग्रुप में बच्चों को मोमेंटो तथा विभिन्न प्रकार के उपहार प्रदान किए गए। निर्णायक की भूमिका अस्तित्व फाउण्डेशन की अध्यक्ष दीपा सिंह जादौन, प्रख्यात नृत्यांगना शिवा एवं विनीता थीं। सभी अतिथियों एवं निर्णायकों ने बच्चों को भोजन के पैकेट एवं विशिष्ट उपहार भी प्रदान किए। इस अवसर पर पाठशाला समूह के अध्यक्ष ओपी दीक्षित, कोर ग्रुप के सदस्य एवं उपाध्यक्ष रामस्वदेश राठौर, राकेश बाबू पाण्डे, राकेश श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पाठशाला समूह के सचिव मेजर मनोज पाण्डे ने किया।
अपने प्रेरक उदबाोधन में मुख्य अतिथि अमिता सिंह ने बच्चों के सांस्कृतिक प्रयास की भूरि-भुरि प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षा शकुन वैश्य ने बच्चों के समग्र विकास में नृत्य संगीत की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने शगुन शर्मा एवं अन्य प्रशिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नि:स्वार्थ भाव से इस प्रकार के प्रशिक्षक समाज में बहुत कम देखने को मिलते हैं और संगीत के माध्यम से पिछडे वर्ग की बेटियों का यह सांस्कृतिक समावेशन राष्ट्र में सामाजिक समरसता के लिए एक नींव का पत्थर बनता है। सभी अतिथियों का पाठशाला समूह के उपाध्यक्ष रामस्वदेश राठौर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोनी बाबा आश्रम के महंत शिवानंद महाराज की विशिष्ट भूमिकाओं के लिए पाठशाला समूह ने उनके प्रति भी कृतज्ञापित की।