रक्षाबंधन का पर्व धर्म, समाज व राष्ट्र को एकजुट करने का संदेश देता है : प्रो. अली

हम फाउण्डेशन ने वृद्धाश्रम में मनाया रक्षाबंधन पर्व

भिण्ड, 30 अगस्त। भाई बहन के पवित्र रिश्ते का त्यौहार रक्षाबंधन का पर्व हम फाउण्डेशन मध्य भारत प्रांत की सिटी एवं विवेकानंद शाखा के सदस्यों ने शहर में स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्ग माताओं एवं पुरुषों के बीच मनाया। इस अवसर पर हम फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना, जिलाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया, जिला महामंत्री विपुल सेठ, शाखा अध्यक्ष अरविन्द भदौरिया, सचिव नोसीन हुसैन, पीहू सेठ, शकील सिद्दी आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकवाल अली ने कहा कि रक्षा बंधन का पर्व भाई बहन के स्नेह तथा पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ धर्म समाज व राष्ट्र को एकजुट करने का संदेश देता है, इसलिए हम सभी को इस पावन पर्व पर राष्ट्रीय एकता को और सुदृढ करने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि भारतीय हिन्दू संस्कृति में सभी रिश्तों को महत्व देने के लिए कई पर्व मनाए जाते हैं, भाई दूज के साथ रक्षा बंधन का पर्व भाई और बहन के अनूठे संबंध को और गहरा करने का पर्व है। भारत में रक्षाबंधन को लेकर पौराणिक और ऐतिहासिक परंपरा रही है। प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार भाई बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हमारे संगठन द्वारा यह अनूठा पर्व मनाया गया है।
डॉ. सुमित्रा और नोसीन ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को बांधी राखी
हम फाउण्डेशन मध्य भारत की सिटी शाखा एवं विवेकानंद शाखा द्वारा भाई बहन का त्यौहार रक्षाबंधन पर्व पर जिलाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया एवं सचिव नोसीन हुसैन ने वृद्धाश्रम में उपस्थित वृद्धजनों को रोरी, तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाइयां खिलाई। इसी प्रकार संगठन के सदस्य शकील सिद्दीकी, विपुल सेठ, अरविन्द भदौरिया, शैलेश सक्सेना आदि ने बुजुर्ग माताओं से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार में गिफ्ट भी दी।