शहर जिला कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर की विचार गोष्ठी

भिण्ड, 20 अगस्त। शहर जिला कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया। जिसके शुभारंभ में स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की।
विचार संगोष्ठी में शहर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने भारत में पंचायती राज की शुरुआत की, वे ऐसे युवा प्रधानमंत्री थे जिन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों को अत्यधिक प्रभावित किया था। राजीव जी कहते थे कि उनको अपने नाना पं. नेहरू से ‘आराम हराम है’ तथा पिता फिरोज गांधी से ‘श्रम की महत्ता और बिना झिझक के सच बोलने’ की प्रेरणा मिली थी। इन्दिरा गांधी की मृत्यु के बाद प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी इनकी कंधे पर आ गई थी, जिसकी वजह से इन्हें राजनीति में आना पडा था। 31 अक्टूबर 1984 को मां इन्दिरा जी की हत्या के बाद जब पहली बार राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तो वे विश्व के लोकतंत्र के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। 1984 में ही वे इंका अध्यक्ष बने। हालांकि राजीव गांधी को सत्ता का कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं था, फिर भी उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से गहरे अनुभव प्राप्त थे। उसी दिन राजीव गांधी ने रेडियो और टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संदेश दिया। यह उनका पहला नीतिगत संबोधन था जो कि विज्ञान, टेक्नॉलाजी और राष्ट्र के स्वाभिमान को व्यक्त करता था। इस भाषण में राजीव गांधी के शासन का मूलमंत्र इस प्रकार प्रकट हुआ- एक साथ मिलकर हमें एक ऐसा भारत बनाना है जो 21वीं सदी का आधुनिक भारत बने, यह कहना गलत नहीं होगा कि आज जिस भारत में हम सांस ले रहे हैं। जिस आधुनिक भारत का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है, जिस भारत पर आज पूरी दुनिया की नजरें इनायत हैं, जिसे कल की विश्वशक्ति माना जा रहा है और कहा जा रहा है कि एक बार फिर भारत पूरे विश्व को एक नई राह दिखाएगा, यह राजीव गांधी की ही देन है, इन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार भी कहा जाता है।
नगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि भारत में कंप्यूटर क्रांति लाने वाले राजीव गांधी थे, देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने का गौरव भी हासिल है, राजीव गांधी भारत में सूचना क्रांति के जनक माने जाते हैं, देश के कंप्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का श्रेय उन्हें जाता है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन दिलवाने का काम उन्होंने किया, मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार राजीव गांधी ने दिलवाया।
इस अवसर पर पानसिंह सुमन, रेखा भदौरिया, नईम खान पठान, स्नेहलता जैन, संजीव बरुआ, अजय शर्मा, अनीश कुरैशी, विजय दैपुरिया, गंगाराम जाटव, चूंटाई शर्मा, दर्शन सिंह तोमर, आनंद त्रिपाठी, शिशुपाल सिंह भदौरिया, शिवशंकर भदौरिया, संजय यादव, बृजेश कुमार, रीना चौहान, रामकिशोर उपाध्याय, विनोद शर्मा, हरिशंकर तिवारी, प्रेमशंकर तिवारी, नीरज त्रिपाठी, नमन सिरोठिया, विक्रम सिंह राजावत, कुलदीप सिंह, हिम्मत सिंह हरिऔध, अमल किशोर जाटव, मोहर सिंह जाटव, सर्वेश यादव, कुलदीप भारद्वाज, बृजेश जैन, दुष्यंत सिंघई, अंजना कुशवाहा, शोभा कुशवाहा, पूजा कुशवाहा, अजय जैन, प्रदीप भदौरिया, शारदा नरवरिया, उमेश वर्मा, बबलू सिंह कुशवाह आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।