आंगनबाडी कार्यकर्ताओं आज करेंगी भोपाल कूच

भिण्ड, 24 जुलाई। भिण्ड जिले की सैकडों आंगनबाडी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता एवं सहायिका 25 जुलाई को भोपाल के लिए भिण्ड से शाम को जाने वाली रेल गाडियों से जाएंगी। जो 26 जुलाई को भोपाल के नीलम पार्क में होने जा रहा है राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता, साहयिका, मिनी कार्यकर्ता बहने बडी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकता का प्रदर्शन करेंगी।
उनकी मांग है कि आंगनबाडी कार्यकर्ता, सहायिका और मिनी कार्यकर्ता को मानदेय में हुई विसंगति के साथ सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, अन्यथा न्यूनतम वेतन 21 हजार रुपए दिया जाए। सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत को लागू किया जाए। ग्रेजुएटी को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बार-बार झूठी घोषणाएं कर रहे हैं, आंगनबाडी कार्यकर्ता, सहायिका, मिनी कार्यकर्ता जब सेवानिवृत्त होकर घर जाती हैं तो केवल बुढ़ापा साथ होता है, दो समय भोजन के लिए कुछ नहीं। चुनाव की साल में भाजपा राज्य सरकार ने सरपंचों से लेकर जिला पंचायतों के अध्यक्षों के मानदेय में दो गुना बढ़ोतरी की है, लेकिन आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह केवल झुनझुना पकडा रहे हैं। जो घोषणाएं कर रहे हैं वह अगली साल लागू होंगी। जबकि अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को पिछले माह से लाभों को लागू किया जाता है, मेहनत हम लोग भी करते हैं। आंगनबाडी कार्यकर्ताओं, साहिकाओं, मिनी कार्यकर्ताओं की भोपाल के कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। अपील करने वालों में जिला संयोजक साधना भदौरिया, सीमा जाटव, अल्का शर्मा, रेखा श्रीवास्तव, ऊषा त्यागी, अनीता कौशल, आमना खातून, रागिनी शुक्ला, आरती भदौरिया, ऊषा यादव, श्यामबती कुशवाहा, ममता बघेल, कुशुम, हेमलता भदौरिया, जानकी आदि प्रमुख हैं।