कांग्रेसियों के बयानों पर गरजे भाजपा नेता डॉ. रमेश दुबे
भिण्ड, 21 जुलाई। कांग्रेस की सभा फरेबियों के जमघट के रूप में हुई, प्रियंका गांधी को पता होना चाहिए सिंधिया परिवार की विचारधारा हमेशा जनसेवा की रही है। वो कभी नहीं बदलती। जहां वो माला चढ़ा कर आई है वो वीरांगना का समाधि स्थल सिंधिया परिवार ने ही बनवाया है, प्रियंका पहले इतिहास को जाने फिर कुछ बोलें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने कही।
भाजपा नेता डॉ. रमेश दुबे ने कहा कि अस्तित्व खो चुकी कांग्रेस कंपनी की तुष्टिकरण की राजनीति की वजह से ये दुर्गति हुई है। कांग्रेस कंपनी के लोग सिंधिया के नाम पर ही राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ये मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस में कुछ लोग नकाब पहनकर कुछ भी बोलते हैं, लेकिन उनकी सच्चाई कुछ और ही है। प्रियंका वाड्रा जो गांधी नाम की ओढऩी पहनकर सोच रही हैं कि चंबल की जनता उनकी बातो से प्रभावित हो जाएगी यह उनका मति भ्रम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व में देश का मान और सम्मान शिखर तक पहुंचाया है, देश के आम नागरिक का आत्मविश्वास लौटाया है और ये मौका परस्त कंपनी के प्रोपराइटर झूठ फेलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस कंपनी कुछ भी जतन कर ले प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत से 2023 में सरकार बनाएगी।