जिसने व्यायाम अपनाया उसकी निरोगी काया : पराग जैन

आज के समय व्यायाम बेहद जरूरी इसे नियमित करें : राधेगोपाल

भिण्ड, 23 मई। कहा जाता है कि पहला सुख निरोगी काया है और यदि हमने अपने शरीर को स्वस्थ रख लिया तो फिर हमारा जीवन भी व्यवस्थित और सुचारू रूप से चलता रहता है। कहते हैं जिसने व्यायाम अपनाया उसकी निरोगी काया। यह बात डिप्टी कलेक्टर पराग जैन ने लहार रोड पर आधुनिक जिम्नेजियम के शुभारंभ के अवसर पर कही। इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, समाजसेवी राहुल मिश्रा, मनोज तोमर मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिम संचालक संजय झा ने किया। लहार रोड स्थित इस जिम को डिप्टी कलेक्टर पराग जैन और खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
डिप्टी कलेक्टर पराग जैन ने कहा कि आज की भागम दौड़ भरी जिंदगी में व्यायाम ही हमें व्यवस्थित रख सकता है, अत: शरीर और मन के स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम भेज जरूरी है और ऐसा कहा भी गया है कि पहला सुख निरोगी काया ही है, इसलिए हमें अधिक से अधिक इस अवसर का लाभ लेना चाहिए। स्वागत भाषण में जिम संचालक संजय ओझा ने कहा कि लहार रोड स्थित अभी कोई भी जिम नहीं है, इसको ध्यान में रखते हुए जिम का शुभारंभ किया गया है, इसका शुल्क प्रतिमाह 400 रुपए निर्धारित किया गया है जो कि बेहद न्यूनतम है। इस जिम में सभी अत्याधुनिक संसाधनों के माध्यम से व्यायाम करने की संपूर्ण व्यवस्था की गई है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव ने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली के लिए व्यायाम महत्वपूर्ण है, हमें प्रतिदिन एक घण्टा अपने शरीर की एक्सरसाइज करने के लिए निकालना चाहिए। उन्होंने व्यायाम करने के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अपने जीवन काल में किस प्रकार से नए-नए खेल और आधुनिक जिम की शुरुआत के संघर्षों की कहानी से युवाओं को प्रेरित किया, सभी के बीच प्रदर्शन करके भी दिखाया, जिससे सभी युवाओं में व्यायाम के प्रति और अधिक रुचि हो सके।
जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि आपने इतने भी व्यस्त क्यों ना हों, लेकिन स्वस्थ शरीर के लिए व्यायाम जरूर करना चाहिए, यहां आस-पास के क्षेत्र को इसका लाभ मिले एवं यहां से कई लोग शिक्षित होकर अपना नाम कमाए यही अपेक्षा है। राहुल मिश्रा ने भी बालकों को प्रेरित किया। इस अवसर पर अनूप भदौरिया, राजू शर्मा, प्रदीप राजावत, शैलू कुशवाह, मनोज तोमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्तिथि थे। सभी अतिथियों का आभार जिम संचालक संजय ओझा ने व्यक्त किया।