बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं का किया सम्मान

भिण्ड, 06 सितम्बर। हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड द्वारा शिक्षक दिवस पर आयोजित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की भूमिका निभाने तथा समाज हित में काम करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में हम फाउण्डेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. इकवाल अली, प्रांतीय महासचिव नितिन दीक्षित, शाखा संरक्षक प्रो. रामानंद शर्मा, कैलाश जैन, शाखा अध्यक्ष शैलेश सक्सेना, उपाध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव विपुल सेठ, कोषाध्यक्ष राजकुमारी जैन, प्रियंका दीक्षित, राजेन्द्र दुबे, नंदू शर्मा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत सजल मिश्रा ने मां सरस्वती बंदना तथा मां वीणा वादिनी और भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा संरक्षक प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने का कार्य महिलाओं द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में पहली गुरु उसकी मां होती है, व्यक्तित्व के निर्माण से ही राष्ट्र का निर्माण होता है। इसी क्रम में प्रांतीय महासचिव नितिन दीक्षित ने कहा कि बेटी बचाने तथा बेटी पढ़ाने तक का कार्य मां का ही होता है, उन्होंने कहा कि पहला गुरु मां फिर उसके बाद शिक्षक होता है।
हम फाउंडेशन के शाखा अध्यक्ष शैलेश सक्सेना ने कहा कि हर कन्या में एक मां दुर्गा छिपी रहती है यह हैरत की बात है कि दुर्गा पूजा करने वाला इंसान इसका मतलब नहीं समझता। उन्होंने कहा कि मां से व्यवहार और संस्कृति की सीख मिलती है। कार्यक्रम को शाखा सचिव विपुल से ने भी संबोधित किया एवं आशुतोष शर्मा नंदू ने काव्य पाठ किया।

इन महिलाओं का हुआ सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर चित्रगुप्त नगर में आयोजित बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ सम्मान समारोह में हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड के सदस्यों ने श्रीमती रमला दीक्षित, श्रीमती राजकुमारी जैन, रमन दीदी, नीलम श्रीवास्तव और विमला सेठ का शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।