शादी के नाम पर ठगी करने वाली महिला गोहद चौराहे से गिरफ्तार

मेहगांव थाना पुलिस ने की कार्रवाई

भिण्ड, 02 मई। शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को मेहगांव थाना पुलिस ने गोहद चौराहे से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह महिला पिछले एक वर्ष से फरार चल रही थी।
मेहगांव थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितंबर 2021 को ग्राम लिलोई थाना गोरमी निवासी शिवकुमार उर्फ अंगद पुत्र सियाराम शर्मा ने थाना मेहगांव पर रिपोर्ट लिखवाई थी कि अरविंद तिवारी, उमादेवी शर्मा व सोनू शर्मा सभी निवासी ग्राम गुर्जरा थाना मेहगांव ने मुझसे तीन लाख रुपए लेकर मेरी शादी पूनम नाम की एक महिला से कराई, जो शादी के कुछ दिन बाद मेरे जेवर लेकर भाग गई। इस पर सभी के विरुद्ध थाना मेहगांव में अपराध क्र.367/ 21 धारा 420, 294, 506, 419, 471, 34 भादंवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। उक्त महिला घटना दिनांक से फरार थी। सोमवार को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि शादी के नाम से रुपए हड़पने के मामले में आरोपी महिला गोहद चौराहे पर कहीं जाने की फिराक में बैठी है। सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपिया पूनम पुत्री उदय अडिय़ा निवासी राजाखेड़ी वार्ड क्र.नौ जिला सागर को घेराबंदी कर दबोच लिया। महिला के कब्जे से सोने के गहने तथा अन्य सामान जब्त कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मेहगांव निरीक्षक रविन्द्र शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक रामखिलाड़ी, महिला आरक्षक लक्ष्मी थाना अमायन की मुख्य भूमिका रही।