कांग्रेस द्वारा आयोजित समाज जोड़ो सम्मेलन कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेंगे : बघेल

ज्योतिराव फुले की जयंती पर मेहगांव में सामाजिक सद्भावना सम्मेलन कल

भिण्ड, 09 अप्रैल। सीआरटी पैलेस वनखण्डेश्वर रोड मेहगांव में 11 अप्रैल को आयोजित विशाल सदभावना सम्मेलन की तैयारी की जानकारी देने हेतु रविवार को नवीन जेल रोड (हरवंश का खोड़) फल मण्डी के पास कार्तिक नगर में बदन सिंह बघेल के बाड़े में बघेल (पाल) समाज द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।
पत्रकार वार्ता में मप्र कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जयश्रीराम बघेल एडवोकेट एवं मप्र युवा बघेल पाल समाज के अध्यक्ष रामशेष बघेल ने बताया कि मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने मप्र कांग्रेस समाज समन्यवय प्रकोष्ठ बघेल पाल समाज का गठन कर अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे की अनुशंसा से बघेल पाल समाज के लिए जयश्रीराम बघेल को प्रदेश संरक्षक एवं रामशेष बघेल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोनों पदाधिकारियों ने बताया है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लकार्जुन खडग़े एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा मप्र कांग्रेस कमेठी के अध्यक्ष कमलनाथ की भावना के अनुरूप मप्र में बघेल पाल समाज एवं अन्य समाजों को भी कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जोडऩे एवं उनके संरक्षण के लिए कार्य करेंगे।
बघेल ने बताया कि टीकमगढ़ एवं मुरैना में कांग्रेस समाज समन्यवय प्रकोष्ठ विशाल आमसभा संपन्न हो चुकी है। जिसमें दोनों प्रदेश पदाधिकारियों ने शिरकत की थी। 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक सीआरटी पैलेस वनखण्डेश्वर रोड मेहगांव में बघेल पाल समाज द्वारा पिछड़ावर्ग, अजा, अल्प संख्यक समाज के समन्यवय हेतु महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के उपलक्ष्य में विशाल सदभावना सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के आयोजक बड़ी संख्या में जिलेभर में भ्रमण कर सम्मेलन में उपस्थिति हेतु संपर्क कर रहे हैं। 11 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे मुख्य अतिथि जयश्रीराम बघेल एडवोकेट एवं अध्यक्ष रामशेष बघेल का काफिला गोले का मन्दिर ग्वालियर से चलकर मालनपुर, गोहद चौराहा होते हुए मेहगांव आमसमा में पहुंचेगा। रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना प्रभारी मालनपुर, थाना प्रभारी गोहद चौराहा, थाना प्रभारी मेहगांव को कार्यक्रम के आयोजक द्वारा जानकारी दे दी गई है।
बघेल ने बताया कि मप्र में जंगलराज कायम है, आम जनता महंगाई से, नौजवान बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश की सरकार संविधान विरोधी एवं प्रजातंत्र विरोधी होकर तानाशाही शासन की तरह काम कर रही है। मप्र सरकार पूरी तरह कर्जे में डूबकर दिवालिया होने की स्थिति में है। इस लिए शासकीय संपत्ति एवं उपक्रमों को बेचना प्रारंभ कर दिया है। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा एवं समाज जोड़ो सम्मेलन जैसे कार्यक्रम चलाकर जन जागृति पैदा कर रही है। कांग्रेस पार्टी जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्रियता से ऊपर उठकर अनेकता में एकता बनाए रखने के लिए कृतसंकल्पित है। कांग्रेस पार्टी जन कल्याणकारी संस्था होकर जनहित में सत्ता पक्ष की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध सदैव संघर्ष करती रहेगी।
प्रेसवार्ता में पूर्व जनपद अध्यक्ष अरविन्द बघेल, जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज, जिलाध्यक्ष बदन सिंह बघेल, विकलांग बल प्रदेश सचिव सौरभ बघेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष सुंदरपाल बघेल, पाल बघेल समाज के विधानसभा अध्यक्ष संदीप बघेल शामिल रहे।