लहार में रामनवमी के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा

भिण्ड, 30 मार्च। श्रीराम नवमी के अवसर पर लहार नगर के महाराणा प्रताप चौराहे से भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मुख्य बाजार, लोहिया चौक, पुलिस थाना, पचपेड़ा तिराहा होते हुए तहसील प्रांगण पहुंची। यहां पर भव्य शोभायात्रा का विशाल जनसमूह इकट्ठा हुआ। जिसमें राम भक्तों ने जगह-जगह भगवान राम की प्रतिमा को माल्यार्पण पूजन किया और मिष्ठान वितरण किया। नगर में जगह-जगह शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रीराम भक्त साथ चल रहे थे। यह विशाल भीड़ तहसील हनुमान मन्दिर पर समापन समारोह में एकत्रित होकर पहुंची, जहां पर भगवान राम की आरती पूजन के बाद यात्रा का समापन किया गया।