भिण्ड, 20 मार्च। गोहद अनुविभाग क्षेत्र के ग्राम एनो सुनारी, राय की पाली, विश्वरी एवं सुहांस में सोमवार को चने के आकार के ओले गिरने की खबर है। यहां शाम पांच बजे के लगभग 15 मिनट तक ओले गिरे हैं। सूचना मिलने पर प्रशासन अलर्ट हो गया और हल्का पटवारियों को नुकसान के आकलन के लिए निर्देश दिए हैं। यहां संग्राम सिंह तोमर ने बताया कि शाम के गिरे ओलों से फसलों को 70 प्रतिशत के नुकसान की संभावना है।
रोजगार सहायकों की हड़ताल आज से
गोहद। मप्र पंचायत सहायक सचिव कर्मचारी महासंघ (ग्राम रोजगार सहायक) संगठन द्वारा प्रदेश स्तर के आव्हान पर 13 से 18 मार्च तक सामूहिक अवकाश जाने का निर्णय लिया गया था तथा शासन से अपनी जायज मांगो पर विचार करने के लिए समय दिया गया था। किन्तु शासन द्वारा ग्राम रोजगार सहायक के मांगों पर कोई विचार एवं आदेश पारित नहीं किए जाने से मप्र के सभी ग्राम रोजगार सहायक अपनी मांगों को लेकर 20 से 31 मार्च तक कलम बंद हड़ताल पर सामूहिक रूप से रहेंगे। जिसकी समस्त जबाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
मौ में कल निकलेगी विशाल भगवा यात्रा
मौ। हिन्दू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर मौ नगर में विशाल भगवा यात्रा का आयोजन 22 मार्च को किया जा रहा है। भगवा यात्रा सुबह नौ बजे नरसिंह मन्दिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस नरसिंह मन्दिर में ही समापन होगी। जिसमें सभी नगरवासी यात्रा में सम्मलित होकर यात्रा को सफल बनाएं।