लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा सांड़, हाईवे पर लगाया जाम
भिण्ड, 24 अगस्त। देहात थाना इलाके में लावन गांव के बम्बा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सांड ने मंगलवार सुबह उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उसने तीन लोगों पर हमला बोल दिया, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो युवक हो गए। क्षेत्रीय लोगों ने बेकाबू सांड को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया। इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। बरोही और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां लगा जाम खुलवाया गया। उधर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे पर लावन नहर की पुलिया के पास शाहपुरा निवासी श्रीमती कैलाशी (उम्र 55 साल) पत्नी रामसनेही शाक्य मंगलवार की सुबह करीब छह बजे अपने घर के बाहर थी, तभी पीछे से आए एक बेकाबू सांड ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। सांड ने महिला को दो बार सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। राहगीरों ने वाहन रोककर सांड को रोकना चाहा तो वो सांड ने युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया। इधर सांड के हमले से घायल महिला ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने बेकाबू सांड को रस्सी डालकर पकड़ लिया। सांड को पकड़े जाने के बाद उसे बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहले शव को लेकर पोस्ट मार्टम हाउस पहुंची। जहां मृतक महिला के परिजनों ने शव का पोस्ट मार्टम न करने की बात कही। वहीं, पुलिस को लिखित में शव का पीएम न कराने की बात कही। इसके बाद वो वापस पहुंचे तो शासन से राहत राशि की मांग करते हुए शव को सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों और क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। क्षेत्रीय लोगों ने महिला का शव सड़क पर रखा और जाम लगा दिया। महिला की मौत के बाद महिलाएं सड़क पर ही बैठ गई और विलाप करती रही। इधर, पुलिस ने एक बार फिर महिला के शव का पोस्ट मार्टम कराए जाने के लिए कहा, इस पर परिजनों ने विरोध कर दिया। मृतक महिला के परिजनों ने कहा कि शव का पोस्ट मार्टम नहीं कराएंगे। इसके बाद पुलिस ने शव को सड़क से हटवाया और जाम खुलवाया। करीत दो घण्टे तक यातायात पूरी तरह से बंद रहा। दोनों ओर वाहन दूर-दूर तक जाम में फंसे रहे।