कार्यकर्ता लहार के प्रत्येक बूथ केन्द्र को मजबूती देते हुए सकारात्मक कार्य करें : तिवारी

लहार से भाजपा विधायक बनाने और कांग्रेस को उखाडऩे के लिए कार्यकर्ता अपनी कमर कसें : नरवरिया
लहार विधानसभा प्रभारी आशुतोष तिवारी एवं जिलाध्यक्ष नरवरिया ने लहार के कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

भिण्ड, 02 जनवरी। भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री एवं मप्र हाउसिंग बोर्ड के चेयरमेन दर्जा कैबिनेट मंत्री आशुतोष तिवारी ने लहार के विश्रामगृह पर भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के समर्पित भाव से काम करने वाले कार्यकर्ता है। मिशन 2023 का विधानसभा चुनाव आ रहा है, लहार से भाजपा का विधायक बनाने के लिए क्षेत्र के सभी 305 मतदान केन्द्रों पर संगठनात्मक पार्टी के विस्तार और विकास में हमारी भूमिका सक्रिय कार्यकर्ता होने के नाते सकारात्मक होनी चाहिए। यह संकल्प लेकर हम अपने अपने बूथ पर संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति प्रदान करते हुए कार्य करें और शीघ्र ही फरवरी माह में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मप्र के प्रभारी मुरलीधर राव लहार विधानसभा क्षेत्र में आ रहे हैं, इससे पहले हमें अपनी ताकत को मजबूती देते हुए कार्य करने की जरूरत है। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा एवं आभार जिला कोषाध्यक्ष मनोज शास्त्री ने व्यक्त किया।

तिवारी ने कहा कि हमारी विचारधारा प्रारंभ से ही राष्ट्रीय रही है, इसी भाव का संकल्प लेकर भाजपा देश के विकास के लिए काम कर रही है, पहले हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर लहार विधानसभा से भाजपा का विधायक बनाने के लिए बूथ पर केन्द्रित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी तक अत्याचार, फर्जी वोटिंग, बूथ कैपचरिंग के आधार पर चुनाव जीतती रही है, लेकिन हमें इन सब को रोकना है और मतदाता सूचियों पर अपने वोट बनवाने का काम हर भाजपा कार्यकर्ता करेगा तो निश्चित हमें सफलता मिलेगी और फर्जी वोटों को कटवा कर अपनी भूमिका का निर्वहन करें। अपने बूथ के बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाकर हमें अपने नीचे की इकाई मजबूत करना है। तिवारी ने कहा कि माइक्रो प्रबंधन को हमें मजबूत करना है, वही चुनाव जीतने का मुख्य आधार है। इन सबको लक्ष्य बनाते हुए कांग्रेस को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ता एकजुटता के साथ कार्य करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि संगठन बूथ स्तर की इकाईयों को मजबूत कर भाजपा संगठन को गति प्रदान करें और मुरलीधर राव के लहार आगमन पर हम सब एकजुट होकर उनका स्वागत करेंगे और आप सभी से संगठनात्मक चर्चा के माध्यम से लहर में भाजपा को जिताने के लिए मार्गदर्शन कर संकल्प भी दिलाएंगे, हम सब उनका पालन करेंगे। लहार में भाजपा के मजबूत कार्यकर्ता है, वह व्यक्ति नहीं विचार से जुड़े और मतदान केन्द्रों को मजबूती प्रदान करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
इससे पूर्व मप्र हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन आशुतोष तिवारी ने प्रमुख धार्मिक स्थल रावतपुरा सरकार पहुंचकर की पूजा की और रविशंकर महाराज से मुलाकात की। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक रसाल सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष नंदराम सिंह बघेल, श्रीमती चित्रा शर्मा, कोकसिंह चौहान, योगेन्द्र सिंह पप्पू, मण्डल अध्यक्ष दीपक सिंह राजावत, देवेन्द्र उपाध्याय, अनूप त्यागी, मिहोना नप के पूर्व अध्यक्ष संतोष बोहरे, विकास बोहरे सहित पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता एवं मण्डल महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी की माताजी हीराबा को दी श्रृद्धांजलि

लहार में आयोजित भाजपा की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माताजी हीराबा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया और उन्हें भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए छायाचित्र पर सभी कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।