सहकारिता मंत्री ने तीन ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास, भूमिपूजन किया
भिण्ड, 15 दिसम्बर। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने गुरुवार को जिले के अटेर विकास खण्ड की तीन ग्राम पंचायतों में लगभग 42.60 लाख के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इनमें ग्राम पंचायत कछपुरा के ग्राम रोहिंदा में 6.61 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें 3.18 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण रोहिंदा का लोकार्पण, 3.43 लाख की लागत से सामुदायिक स्वच्छता परिसर रोहिंदा का लोकार्पण किया।
सहकारिता मंत्री ने अटेर क्षेत्र के ग्राम गड़ेर में 21.81 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। जिसमें 3.10 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास, 4.12 लाख की लागत से पौधारोपण कार्य का शिलान्यास, 14.59 लाख की लागत से तालाब निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने अटेर क्षेत्र के ग्राम खैराहट में 14.18 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 7.81 लाख की लागत से नाला निर्माण नावली वृन्दावन का भूमिपूजन, 6.37 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण नावली वृन्दावन का लोकार्पण शामिल हैं। इस दौरान अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि मप्र सरकार गरीबों के हित में निरंतर प्रयासरत है, उनके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। गरीब को रोटी, मकान, दवाई, पढ़ाई और रोजगार देने का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में प्रधानमंत्री अन्न योजना और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपए तक का नि:शुल्क उपचार, युवाओं के लिए रोजगार मेलों का आयोजन और हर गरीब को नि:शुल्क आवास दिये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का विकास कर उसे समाज की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित कर उनके जीवन को बेहतर बनाकर उनका विकास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसलिए शिविर लगा कर सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को एक ही छत के नीचे बिठा कर आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनका निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों एवं असहाय लोगों के लिए काम करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान आमजन की जिंदगी बदलने का अभियान है। इन सभी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को मिले इसलिए यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। जिससे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित ना रह जाए।
मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि अनाज के लिए कृषि सबसे जरूरी है, और कृषि के लिए सिंचाई, खेतों में सिंचाई के लिए काफी पानी की जरूरत होती है। ठीक तरह से सिंचाई न होने पर फसलें खराब हो जाती हैं। लंबे समय के इंतजार के बाद कनेरा सिंचाई परियोजना को पर्यावरण मंत्रालय से अनुमति मिल गई है। इस अनुमति के बाद अब अटेर क्षेत्र के किसानों के लिए कनेरा सिंचाई उद्वहन परियोजना का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। कनेरा सिंचाई उद्वहन परियोजना के तहत अटेर क्षेत्र की लगभग 15 हजार हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। साथ ही वृहद स्तर पर किसानों को लाभ होगा, फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।







