गोरमी के मां वैष्णो गार्डन में चल रही है श्रीमद् भागवत कथा
भिण्ड, 02 नवम्बर। चौधरी परिवार द्वारा नगर के मां वैष्णो मैरिज गार्डन गोरमी में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन महामण्डलेश्वर आचार्य विष्णुदत्त शास्त्री ने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, रावण जैसे राक्षस का अत्याचार बढ़ता है, जब रावण संत, ब्राह्मण, पृथ्वी, गौ माता को कष्ट देता है तब भगवान मनुष्य रूप में प्रकट होते हैं और धर्म की स्थापना करते हैं। भगवान जो बाल लीलाएं करते हैं वह भक्तों को आनंद देती हैं, संत महात्मा उन्हीं लीलाओं का चिंतन करते हुए अपनी साधना में रत रहते हैं, भगवान की परम कृपा है कि वह भारत की भूमि में ही जन्म लेते हैं। इसलिए भारत की भूमि धन्य है जिस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ है। वह भूमि प्रत्येक हिन्दू के लिए श्रृद्धा का केन्द्र है, यहां के कण-कण में भगवान श्रीकृष्ण विराजमान हैं।
शास्त्री जी ने कहा कि जीवन में कभी मदिरापन नहीं करना चाहिए। क्योंकि मदिरापान करना ब्राह्मण हत्या से भी बड़ा पाप है। जो माता-पिता को नहीं मानता, साधुओं से सेवा करता है वही आजकल राक्षस के समान है। भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्म उत्सव मनाया गया। अंत मे भव्य भागवत आरती हुई, उसके बाद संत भण्डारा हुआ। कथा में यजमान रामसिया चौधरी, ओमप्रकाश चौधरी, मुकेश चौधरी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक, रामजीलाल थापक, पप्पू थापक साहित आस-पास के हजारों भक्त एवं संतजन मौजूद थे।







