भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र भदौरिया छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित

भिण्ड, 14 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया के पोस्टर पर पिशाब करने वाले जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह भदौरिया को पार्टी ने उनके अमानवीय कृत्य के लिए छह साल के पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने एक पत्र के माध्यम से जिला कार्यसमिति सदस्य भाजपा उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत मेहगांव शैलेन्द्र भदौरिया पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पत्र में कहा है कि आपके द्वारा गत दिवस पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेताओं के पोस्टर के साथ किया गया निंदनीय कृत्य, पार्टी नेतृत्व के प्रति आपकी अनास्था तथा दुर्भावना को प्रकट करता है। आपका यह कृत्य अशोभनीय है तथा असामाजिक भी है, जो कि असहनीय है। इसलिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।