भिण्ड, 28 सितम्बर। शहीद-ए-आजम की जयंती और मिशन हरियाली के अनौपचारिक समापन अवसर पर हम फाउण्डेशन सिटी शाखा द्वारा बीटीआई स्थित निजी विद्यालय प्रांगण में फलदार एवं छायादार 51 पौधे रोपे गए। इस अवसर पर हम फाउण्डेशन प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, शाखा संरक्षक रिटायर अधिवक्ता महेन्द्र चौधरी, विद्यालय संचालक हरदत्त सिंह राजावत, जिला अध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदोरिया एवं विपुल सेठ आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदे आजम भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि भगत सिंह जैसे देशभक्तों की बदौलत ही हमें आजादी मिली है, भगत सिंह का नाम जहां भी आता है युवाओं में एक अलग सी क्रांति पैदा हो जाती है, हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रो. इकबाल अली ने कहा कि वह महान देशभक्त और क्रांतिकारी थे, उनका नारा ‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजुए कातिल में हैÓ था। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत को राष्ट्र युगो-युगों तक नमन करेगा।
इस अवसर पर रिटायर अधिवक्ता महेन्द्र चौधरी ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिदूत अमर शहीद भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को हुआ था, बेहद कम उम्र से ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाने और समाज को निशाना बनाने के लिए उन्हें सिर्फ 23 साल की उम्र में फांसी दे दी गई थी। शैलेश सक्सेना ने बताया कि भगत सिंह की जयंती के अवसर पर हम फाउण्डेशन सामाजिक संगठन द्वारा फलदार एवं छायादार 51 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम को ब्रह्मदत्त सिंह राजावत एवं अरविंद सिंह भदौरिया ने भी संबोधित किया। संचालन विपुल सेठ ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थी।