हिन्दी पखवाड़ा अंतर्गत साहित्यकारों का सम्मान समारोह आज

भिण्ड, 25 सितम्बर। ऋषभ फाउण्डेशन भिण्डके तत्वावधान में हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत श्रीमती पुष्पा जैन स्मृति सम्मान समारोह 26 सितंबर को देवनगर कॉलोनी में आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर कई साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा।
जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर ने बताया कि यह कार्यक्रम सोमवार को शाम चार बजे से छह बजे तक जिला पंचायत के पास, देवनगर कॉलोनी स्थित कार्यक्रम आयोजक वीरेन्द्र जैन एडवोकेट की कोठी परिसर में आयोजित होगा। श्रीमती पुष्पा जैन की स्मृति में आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह में जिले के अनेक साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।

अकोड़ा में श्रीराम कथा का आयोजन आज से

भिण्ड। जिले के ग्राम अकोड़ा में आध्यात्मिक श्रीराम कथा का आयोजन 26 सितंबर सोमवार से किया जाएगा। कथा का वाचन संत अनिल पाठक जी महाराज करेंगे। महंत श्री 1008 लक्ष्मण दास महाराज ने बताया कि नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर ग्राम वासियों द्वारा आयोजित आध्यात्मिक श्रीराम कथा अकोड़ा नगर के वार्ड क्र.पांच स्थित बड़ी जग्गा परिसर में 26 सितंबर सोमवार से चार अक्टूबर मंगलवार तक दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक किया जाएगा। उन्होंने नगर वासियों एवं आस-पास के क्षेत्रवासियों से कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।