मजदूरी के रुपए मांगने पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

दो आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

भिण्ड, 13 सितम्बर। अमायन थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम अमायन में मजदूरी के रुपए मांगने पर दो आरोपियों ने फरियादी को जान से मारने की नीयत से कट्टे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भिण्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 34 भादंवि, 3(2)(वी) एससी/ एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी राजवीर पुत्र स्व. राजेश बाल्मीक उम्र 21 साल निवासी वार्ड क्र. छह दबोह तहसील लहार ने पुलिस को बताया कि वह अमायन निवासी ब्रह्मकिशोर दुबे के खेत में मजदूरी करता है। सोमवार को जब उसने अपनी मजदूरी के रुपए मांगे तो आरोपी बृह्मकिशोर दुबे एवं एक अज्ञात आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसे कट्टे से गोली मार दी, जो फरियादी के कंधे में बांई तरफ लगी और वह घायल हो गया। उसे गंभीर अवस्था में उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भिण्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।