लहार नगर पालिका ने किया जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन

भिण्ड, 01 सितम्बर। लहार नगर पालिका परिषद द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन लहार नगर के मार्केटिंग सोसाइटी स्थित मंगलम गार्डन में किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह रहे। मंच संचालन लहार नगर के ब्लॉक अध्यक्ष राजू मोल्या ने किया। कार्यक्रम में लहार के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र त्रिपाठी, युवक कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव अनुरुद्ध सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान, जिला सहकारी बैंक भिण्ड के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह उर्फ राजाबाबू, पूर्व नप अध्यक्ष आलमपुर रामकुमार त्रिपाठी, जयेन्द्र सिंह राजावत, शिवनारायण दुबे बल्लू वकील, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजाभैया पाल, अर्जुन सिंह आजाद पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, मन्नान अली काजी, हेमंत त्रिपाठी दीपा दौहरे, शिवनारायण तिवारी, उमाशंकर खरे, रामचंद्र जी श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।


इस अवसर पर लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार के समय जिन पदों पर शासकीय कर्मचारी सेवानिवृत्त होते थे, उन रिक्त पदों की तत्काल भर्ती की पूर्ति कर नौजवानों को रोजगार दिया जाता था। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश सरकार ने पिछले 17 अठारह सालों से कोई भी रोजगार दिए नहीं, मप्र का युवा बेरोजगार घूम रहा है, हजारों लोग रोजगार के लिए पंजीकृत हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के भिण्ड जिला उपाध्यक्ष बने राजाभैया पाल ने कांग्रेस पार्टी मिशन 2023 के लिए आम लोगों को जागरुक किया और कहा कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो पिछड़े वर्ग के लोगों का ध्यान रखती है। इस अवसर पर नगर के आमजनों द्वारा लहार नगर की समस्याओं से नगर पालिका के अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा उन समस्याओं को क्रमबद्ध कर जल्दी ही निपटाए जाने का आश्वासन दिया गया।