महानगरों के बाद अब गांव व कस्बों के विकास की बारी, प्रत्याशी नहीं चुनाव चिन्ह देखें : रणवीर

भिण्ड, 01 जुलाई। गोहद नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव कार्यालयों की श्रृंखला जारी है, गोहद नगर में वार्ड क्र.पांच, 13, 14 व 18 के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन गोहद नगर पालिका चुनाव प्रभारी वीरेन्द्र जैन, मप्र हथकरघा विभाग के अध्यक्ष (दर्जा केबिनेट मंत्री) रणवीर जाटव के आतिथ्य में संपन्न हुआ। मंच पर पूर्व मण्डल अध्यक्षद्वय मुरारीलाल अग्रवाल, जगदीश गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन, महिला मोर्चा जिलामंत्री सुमन गुप्ता, नगर मण्डल अध्यक्ष उमा राठौर आदि उपस्थित थे। संचालन महामंत्री आशीष शर्मा ने किया।
चुनाव कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर नगर पालिका चुनाव प्रभारी वीरेन्द्र जैन ने कहा कि हम अपने नगर के विकास की कल्पना तभी साकार कर सकते है, जब पार्षद पद पर भाजपा प्रत्याशी विजय हो हम अपने कष्ट को भूलकर प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव-प्रचार करें। उन्होंने कहा कि महानगरों के विकास के बाद अब बारी गांवों व छोटे कस्बो की है, केन्द्र व राज्य सरकार ने गांवों व छोटे कस्बों के विकास के लिए योजना तैयार की है। यह तभी संभव है जब पार्षद व अध्यक्ष-उपाध्यक्ष भाजपा के हों।
यहां निगम अध्यक्ष रणवीर जाटव ने कहा कि जब तक टिकट की दावेदारी थी, तब सब अपने अपने प्रयास किए। लेकिन टिकट की घोषणा के बाद हमें पार्टी के पक्ष में प्रयास करें, अब हमारे लिए सिर्फ हमारा चुनाव चिन्ह सिर्फ कमल का फूल है, अब हमें पार्टी के लिए मिल-जुलकर कार्य करना है। आभार वार्ड क्र.13 प्रत्याशी पिंकी सिंह ने व्यक्त किया कार्यक्रम में संजय झा, भीकम कौशल, रामसिया जाटव, जगदीश गुर्जर, ओमप्रकाश कुशवाह, मदनलाल श्रीवास, उदय सिंह गुर्जर, पुष्पेन्द्र गुर्जर, भोलाराम बाथम, पिंकी सगर, बंटी खटीक, बल्ली पण्डित, मनीष दीक्षित, सुरेश बोहरे, कमल जैन, राधेश्याम गुप्ता आदि उपस्थित थे।

निगम अध्यक्ष ने सम्हाली कमान

नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने के लिए मप्र हथकरघा विभाग के अध्यक्ष रणवीर जाटव ने कमान सम्हाल ली है। उन्होंने अटल चौक पर स्थित अपने निवास पर बिस्तर लगा लिए हैं। अब नगर पालिका चुनाव संपन्न होने तक गोहद में ही निवास करेंगे। उन्होंने आज प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया, साथ ही नगर पालिका के 18 वार्डों के प्रत्याशियों के साथ बैठक की तथा ऊनसे चुनाव में आ रही परेशानियों को जाना तथा परिवार के सदस्यों की नाराजगी को भी सुना। साथ उन्होंने असंतुष्टों की सूची तैयार की है तथा इन लोगों से बारी-बारी से संपर्क कर इन्हें मनाने का प्रयास किया। निगम अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को विजय के लिए में हर संभव प्रयास करूंगा, प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करूंगा।