पीड़ित और न्याय के बीच की कड़ी होते हैं अभियोजन अधिकारी : सत्येन्द्र सिंह

– डीडीपी एवं डीपीओ की राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित

भोपाल, 12 अक्टूबर। मप्र के सभी जिलों के उप-निदेशक एवं सहायक निदेशक अभियोजन की एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन होटल पलाश भोपाल में रविवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप लोकायुक्त मप्र सत्येन्द्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि उप लोकायुक्त नरेन्द्र प्रताप सिंह सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संचालक लोक अभियोजन बीएल प्रजापति ने की।
मुख्य अतिथि सत्येन्द्र सिंह ने प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीड़ित और न्याय के बीच की कड़ी होते हैं अभियोजन अधिकारी। उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन बड़ी सावधानी एवं सतर्कता के साथ करना चाहिए, क्योंकि उनका कार्य महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ पुनीत भी होता है। उप लोकायुक्त एनपी सिंह ने कहा कि नवीन अभियोजन अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए। नवीन कानूनों के प्रावधानों के आलोक में अभियोजन अधिकारियों को अपना कार्य संपादित करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संचालक लोक अभियोजन बीएल प्रजापति ने विभाग की प्राथमिकताएं बताई। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों के अभियोजन अधिकारियों की समस्याओं के समुचित समाधान का भी आश्वासन दिया। उन्होंने अभियोजन विभाग में सृजित नवीन 605 पदों के लिए प्रदेश के सभी अधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में प्रभारी संयुक्त संचालक रामेश्वर कुमरे ने अतिथियों समेत समस्त प्रशिक्षार्थियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन एडीपीओ सुधा विजय सिंह भदौरिया एवं जागृति चतुर्वेदी ने किया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी भोपाल संभाग मनोज त्रिपाठी ने दी।
कार्यशाला में प्रदेश के अभियोजन अधिकारियों के साथ भोपाल जिले के विभिन्न विंगों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अधिकारी भी सम्मिलित हुए। जिसमें भोपाल के प्रभारी उपनिदेशक राजेन्द्र उपाध्याय, इंदौर के डीपीओ राजेन्द्र भदौरिया, जबलपुर डीपीओ स्मृतिलता बरकड़े, ग्वालियर डीपीओ मनोज जैन, सीहोर डीपीओ अमिता बरतरिया, सीमा अग्रवाल, महेन्द्र गौतम, विवेक गौड़, संतोष मिश्रा, एडीपीओ उदयभान रघुवंशी, लोकेन्द्र द्विवेदी, अमित कुमार शुक्ला, अभिषेक बुन्देला, दिनेश यादव, मनोज पटेल, मनोज त्रिपाठी, नवीन श्रीवास्तव, विक्रम सिंह एवं संचालनालय के कर्मचारीगण उपस्थित हुए।