भिण्ड, 27 अक्टूबर। शिक्षाविद् शिवराम सिंह कुशवाह की प्रथम पुण्यतिथि पर 28 अक्टूबर को रौन नगर में अभा साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह, साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, हरीबाबू शर्मा व शैलेन्द्र सिंह ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस वर्ष पूज्य पापाजी की पहली पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई जाएगी। इस विराट साहित्यायोजन में कवियों द्वारा काव्यपाठ के माध्यम से शब्दांजली दी जाएगी। दूसरे चरण में देश-प्रदेश के साहित्यकारों द्वारा रचित स्मृति ग्रंथ एवं डॉ. शिवेन्द्र सिंह की काव्य कृतियों का विमोचन होगा। अंतिम चरण में रात 10 बजे से देश-प्रदेश के कवि-कवियित्री अपनी-अपनी रचनाओं से स्व. शिवराम सिंह को शब्द सुमन अर्पित करेंगे।
आयोजन के मुख्य अतिथि मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह होंगे, अध्यक्षता राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया करेंगे तथा विशिष्ट अतिथि भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह होंगे। इसके अलावा मप्र, उप्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ से पधारे शिक्षाविद्, साहित्यविद्, कवि, गीतकार, शायर शिरकत करेंगे। खुशबू संस्था के अध्यक्ष गीतकार डॉ. शिवेन्द्र सिंह ने क्षेत्रीय जनता से इस साहित्यायोजन को सफल बनाने हेतु क्षेत्रीय साहित्य प्रेमियों से करवद्ध निवेदन करते हुए आग्रह किया है कि भारी संख्या में पधार कर स्व. शिवराम सिंह को श्रृद्धासुमन अर्पित करें। इस अयोजन को सफल बनाने हेतु एक आयोजन समिति भी बनाई गई है, जिसमें डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र, डॉ. सुखदेव सिंह, डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला, हरीबाबू शर्मा निराला, दशरथ सिंह कौरव, डॉ. विनोद सक्सेना, निराला, डॉ. शैलेन्द्र सिंह पप्पू, दीपेन्द्र सिंह दीपू, डॉ. ज्वाला सिंह, डॉ. भवानी सिंह, इंजी. भैरव सिंह, फिल्म निर्देशक जैकी सिंह, मुकेश पाठक, रवीन्द्र समाधिया, नरेश प्रसाद त्यागी, अजेश सिंह महदवा, बाबूसिंह जैतपुरामढ़ी, रामाधार सिंह, महेन्द्र सिंह पप्पू, रिषभ राजावत आदि को शामिल किया गया है। इस आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।