नौ अधिकारियों को थमाए कारण बताओ नोटिस

सीएम हैल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर चंबल संभागायुक्त की कार्रवाई

भिण्ड, 18 दिसम्बर। आयुक्त चंबल संभाग आशीष सक्सेना ने सीएम हैल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर जिले के नौ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
इनमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अटेर उदयसिंह सिकऱवार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं प्रभारी सहायक संचालक सामाजिक न्याय गोहद सतीश दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं प्रभारी सहायक संचालक सामाजिक न्याय भिण्ड सुरेन्द्र शर्मा, तहसीलदार अटेर मनोज कुमार, नायब तहसीलदार मिहोना राजेन्द्र मौर्य, मुख्य कार्यपाल अधिकारी जनपद पंचायत लहार अरुण कुमार त्रिपाठी, बिजली कंपनी असवार के जेई रोहित कुमार गुप्ता, सीडीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना रौन अजय देव एवं जेएसओ फूड मेहगांव अजय अष्ठाना सहित नौ अधिकारियों को सीएम हैल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिवस के अन्दर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हंै।
चंबल आयुक्त आशीष सक्सेना ने नोटिस में कहा कि आपके द्वारा कार्य के प्रति निरंतर उदासीनता एवं लापरवाही तथा वरिष्ठ की अव्हेलना की जा रही है। वर्तमान में आपके द्वारा किए गए निराकरण का स्तर नवम्बर माह में संतुष्टि प्रतिशत जिले में न्यूनतम पाई गई। उक्त कृत्य पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में आपकी लापरवाही एवं उदासीनता को परिलक्षित करता है जो एक लोकसेवक के पद के अपेक्षित आचरण के विपरीत होकर म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। क्यों न आपके विरुद्ध म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रीण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 10 (4) के अन्तर्गत लघुशास्ति अधिरोपित की जाए। नियत अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की दशा में एक पक्षीय कार्रवाई की जाकर प्रकरण में विधिवत आदेश पारित किया जाएगा।