भिण्ड, 06 दिसम्बर। संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ग्रामीण अजा मोर्चा के अध्यक्ष नाथूराम नागर द्वारा गल्ला मण्डी प्रांगण मेहगांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस महासचिव रामहरि शर्मा एडवोकेट, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुभाष राठौर एडवोकेट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामअवतार चौधरी एडवोकेट, डॉ. बीएस मौर्य महासचिव सेवादल कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के अध्यक्ष जबर सिंह कुशवाह ने अपने विचार व्यक्त कर कहा कि देश की आज जो स्थिति है वह डॉ. भीमराव अंबेडकर की देन है। भाजपा बाबा साहब के संविधान को खत्म करना चाहती है, जो कांग्रेस खत्म ही नहीं होने देगी। संविधान खत्म करने वालों के खिलाफ हमेशा संघर्ष करेगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर अमर रहे, बाबा साहब अमर रहे के नारों के साथ बाबा साहब के पद चिन्हों पर चलने की कांग्रेसजनों ने शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस के सचिव मनीष शिवहरे एवं आभार कांग्रेस नेता मोहर सिंह इंदौरिया ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण कौशल, विनोद पारस, पवन चौधरी आदि लोग उपस्थित थे।