– अंधियारी नं.दो में भीष्म पितामह की प्रतिमा होगी स्थापित
भिण्ड, 13 जुलाई। आलमपुर क्षेत्र के गेंथरी माता मन्दिर (बाराही देवी) पर रविवार को अखिल भारतीय कौरव क्षत्रिय महासभा की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अभा कौरव क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष एवं समाजसेवी चौधरी मलखान सिंह कौरव ने की है। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है।
बैठक के प्रारंभ में बाराही देवी माता की पूजा अर्चना एवं पितामह भीष्म के छाया चित्र पर दीप प्रज्वलित किया गया। इसके पश्चात कौरव अयोध्या मन्दिर समिति के आय-व्यय को लेकर नवीन कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मानव समाज के आराध्य भीष्म पितामह की प्रतिमा स्थापित किए जाने पर विचार विमर्श किया गया। लोगों ने प्रतिमा स्थापित किए जाने पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए है। अंत में सर्व सहमति से ग्राम अंधियारी नं.दो में सजातीय बंधु पप्पू सिंह कौरव ने अपने निजी खाते की 4 बिसे (बिसवा) जमीन भीष्म पितामह की प्रतिमा स्थापित करने हेतु दान दिए जाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर अखिल भारतीय महासभा के पदाअधिकारियों ने सर्व सम्मति स्वीकृति प्रदान कर पप्पू कौरव को धन्यवाद दिया। सजातीय बंधुओं की ओर से तय किया गया कि अंधियारी नं.दो में भीष्म पितामह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और जल्द ही भूमि पूजन की तारीख तय की जाएगी। भूमि दान करने वाले पप्पू सिंह कौरव को महासभा अध्यक्ष चौधरी मलखान सिंह द्वारा शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय महासभा अध्यक्ष चौधरी मलखान सिंह ने कहा कि हमें समाज में एकजुटता, भाईचारा, समरसता बनाए रखना होगा। फिजूल खर्चों पर प्रतिबंध लगाकर अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलानी होगी। आज समाज के जिस भाई ने हम सबके महापुरुष पितामह भीष्म की प्रतिमा स्थापित करने हेतु अपनी जमीन दान दी है। हम उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और बैठक में सम्मिलित होने वाले सभी सजातीय बंधुओं का आभार प्रकट करते हैं। बैठक में अभा कौरव क्षत्रिय समासभा के पदाअधिकारी, कौरव अयोध्याय मन्दिर समिति के सदस्य, जागृति मंच के पदाधिकारी सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।