मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के हित लाभ का वितरण 30 को

भिण्ड, 29 अप्रैल। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका, परिषद भिण्ड को निर्देशित कर कहा है कि मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना की अनुग्रह सहायता योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण का सिंगल क्लिक कार्यक्रम 30 अप्रैल को होगा। उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा अनुग्रह सहायता राशि का वितरण सिंगल क्लिक कर डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खाते में किया जाएगा।
हितलाभ वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण संपूर्ण मप्र में होगा। जिले के समस्त नगरीय निकायों/ जनपद पंचायतों में संबल 2.0 योजनांतर्गत पंजीकृत श्रमिकों तथा हितलाभ प्राप्तकर्ता 20-20 श्रमिकों की उपस्थिति भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम हेतु बैक ड्रॉप लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित श्रमिक मुख्यमंत्री का उदबोधन स्क्रीन पर सुन सकें, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। कलेक्टर ने कहा है कि जिला मुख्यालय के एनआईसी केन्द्र पर यह आवश्यक है कि कार्यक्रम के समय हितग्राहियों के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ग्राम सचिव, सरपंच व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी भी आवश्यक रूप से उपस्थित रहें एवं जिले की शेष जनपदों के मुख्यालयों में कार्यक्रम के समय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं समस्त अनुविभागीय एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारी आवश्यक रूप से उपस्थित रहें।