भिण्ड, 08 फरवरी:- शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खडा करने वाली एक बडी घटना सामने आई है, जिसमें नगर पालिका के संविदा कर्मचारी सनी बाल्मीकि पुत्र राधे बाल्मीकि निवासी पुरानी बस्ती भिण्ड के साथ अपहरण और मारपीट की गई। घटना उस समय घटी जब सनी बाल्मीकि शहर से कचरा समेट कर अपने नपा के कचरा वाहन के साथ रतनूपुरा ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरा डालने जा रहे थे। रास्ते में उनकी गाडी एक कार से टकरा गई, जिससे विवाद हो गया। कार में सवार तीन अज्ञात लोगों ने आक्रोश में आकर सनी को कचरा वाहन से उतारकर जबरन अपनी कार में डाल लिया और दीनपुरा ले जाकर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सनी बाल्मीकि नगर पालिका के सफाई वाहन को लेकर कचरा निस्तारण के लिए रतनूपुरा स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड जा रहे थे। रास्ते में उनकी गाडी एक कार से हल्की टकरा गई। टक्कर होते ही कार में सवार तीन लोगों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर अचानक आक्रामक होकर सनी बाल्मीकि को जबरदस्ती अपनी कार में डाल लिया। पीडित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे दीनपुरा ले जाकर बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा। सनी ने बताया कि उन्होंने मेरे मुंह, नाक और कान पर हमला किया, जिससे खून बहने लगा। मैं चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने मेरी मदद नहीं की। उन्होंने मुझे धमकी दी कि अगर मैंने किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाल्मीक समेत लगभग 100 से अधिक नपा कर्मचारी आक्रोशित हो गए और सिटी कोतवाली पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। नगर पालिका कर्मचारियों का कहना है कि अगर सफाई कर्मियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ अपहरण, मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाल्मीक ने कहा कि यह घटना बहुत गंभीर है। नगर पालिका कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। हम दोषियों पर कडी कार्रवाई की मांग करते हैं, अन्यथा नगर पालिका कर्मचारी काम बंद कर सकते हैं।
भिण्ड में बढते अपराधों पर सवाल
इस घटना के बाद शहर में बढते अपराधों को लेकर चिंता जताई जा रही है। नगर के कई बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने इस मामले पर नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि अगर दिनदहाडे इस तरह अपहरण और मारपीट की घटनाएं होंगी, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर बडा सवाल खडा होता है। फिलहाल पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।