रायसेन, 08 फरवरी:- विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा मार्गदर्शित भोजपुर ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रायसेन द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर बम्हौरी एवं खिरेंटी विद्यालय का प्रांतीय योजनानुसार द्वितीय चरण का शैक्षिक अवलोकन किया गया।
छात्रों एवं आचार्य परिवार को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष हरनाम सिंह रघुवंशी ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय समाज स्वच्छता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने का काम कर रहे हैं। हमारे विद्यालयों में समरसता संस्कृति स्वावलंबन संस्कार युक्त शिक्षा, स्वच्छता और जल संरक्षण की शिक्षा दी जाती है। जो एक अच्छे नागरिक के लिए अतिआवश्यक है, सभी भैया बहिनों को मिलकर अपने विद्यालय को स्वच्छ बनाना है। सभी छात्रों की उपस्थिति नियमित हो। सभी भैया बहन एक दूसरे का सहयोग करें। और वार्षिक मूल्यांकन (परीक्षा) में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होंगे एसा पूर्ण आत्मविश्वास बनाएं रखें।
प्रांत पर्यावरण संयोजक राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी कक्षा, विद्यालय, हमारा घर साफ, स्वच्छ रहना चाहिए। संयोजक मंडल में शैक्षिक गुणवत्ता बढाने पर विचार विमर्श किया गया। प्रवेश अभियान, अभिभावक संपर्क पर चर्चा हुई। उन्होंने पौधारोपण, बिजली बचत, पॉलिथिन मुक्त विद्यालय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने इस वर्ष को शैक्षिक गुणवत्ता वर्ष घोषित किया है। इसलिए इस वर्ष में शैक्षिक व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन लाना है। शैक्षिक भ्रमण, शैक्षिक नवाचार पर ध्यान देना होगा। 5वीं एवं 8वीं के छात्रों से परीक्षा पर विस्तार से चर्चा की और अधिक तम अं कैसे आएं इसकी जानकारी दी। इसमें पंच परिवर्तन, स्व भाषा, स्व विचार, स्वावलंबन पर चर्चा की। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अतिथि परिचय राहुल आचार्य ने कराया। स्वागत शिवकुमार आचार्य और सुंदरलाल आचार्य ने किया। इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह रघुवंशी, विद्यालय संयोजक, प्रधानाचार्य, आचार्य परिवार एवं भैया बहिन उपस्थित रहे।