– अभियान के तहत जिले में हुईं विभिन्न गतिविधियां
भिण्ड, 02 अक्टूबर। मप्र शासन वल्लभ भवन भोपाल के आदेशानुसार दो से 11 अक्टूबर तक शक्ति अभिनंदन अभियान आयोजित किए जाने के निर्देश हैं। इसी के साथ अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर भी विभिन्न गतिविधियां जिससे बालिका एवं महिला सशक्तिकरण को बढावा मिले एवं उनके लिए स्वस्थ वातावरण निर्मित हो, के संबंध में विभिन्न गतिविधि आयोजित किए जाने के निर्देश हैं।
शासन के निर्देश अनुसार कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के निर्देशन में जिला भिण्ड अंतर्गत समस्त परियोजनाओं, विभिन्न आंगनबाडी केन्द्र और सेक्टर स्तर पर गतिविधियां आयोजित की गई। जिसमें शासन निर्देशानुसार बुधवार की गतिविधि में बालिका पूजन, बालिका की मां के साथ सेल्फी अभियान और एक वृक्ष बालिका के नाम से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उक्त अभियान में समस्त परियोजना अंतर्गत बालिकाओं, कन्याओं को बुलाकर उनका पूजन कर सम्मान किया गया। इसी के साथ शक्ति अभिनंदन अभियान के तहत भी परियोजना और आंगनबाडी के अंतर्गत महिलाओं, बालिकाओं, किशोरियों को बुलाकर उनसे संवाद स्थापित किया गया, उनकी स्थानीय स्तर पर समस्याओं को जाना गया और उनके लिए क्या समाधान हो सकते हैं उस विषय पर संवाद किया गया।
शक्ति अभिनंदन अभियान के तहत भी महिलाओं को कानून, साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी देना शामिल है। इस प्रकार अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और शक्ति अभिनंदन अभियान के तहत दो से 11 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन लगातार विभिन्न विभागों के समन्वय से किया जाता रहेगा। बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने बताया दोनों ही अभियानों का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करना है और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागृत कर सशक्त बनाना है सशक्त महिला से तात्पर्य शारीरिक, आर्थिक, सामाजिक रूप से महिला का सशक्तिकरण है।