लखीमपुर खीरी में हायतौबा मचाने वाली कांग्रेस कश्मीर में हत्या करने वाले आतंकियों पर चुप क्यों?
भिण्ड, 09 अक्टूबर। लखीमपुर खीरी मसले पर विरोध में उतरी कांग्रेस को भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने वक्तव्य जारी कर कहा है कि अपने कुकर्मों की वजह से कहीं की नहीं बची, कांग्रेस पार्टी अब ओछेपन पर उतर आई है। पैरों तले जमीन खिसकने के बाद खड़ी न रह पाने वाली कांग्रेस अब किसानों को बैसाखी बनाना चाहती है और किसानों को आगे करके अपनी राजनीति चमकाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में जो घटना घटित हुई है उसमें योगी सरकार पूर्ण निष्पक्षता के साथ कानूनी कार्यवाही कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा है कि जांच के बाद जो भी दोषी होंगे उन्हें बक्शा नहीं जाएगा। लेकिन कांग्रेस को केवल चार ही मौतें दिखाई दे रही हैं, जबकि वहां पर घटित घटनाचक्र में आठ हत्याएं हुई थीं। अगर कांग्रेस खुद को गांधीवादी कहती है तो सत्य को अंगीकार करे और सभी आठ मृतकों को न्याय दिलाने की बात करें, लेकिन ऐसा नहीं होगा, क्योंकि ऐसा करने से कांग्रेस को जो मौका राजनीति चमकाने के मिला है वो हाथ से निकल जाएगा और उसकी सच्चाई की पोल खुल जाएगी।
डॉ. दुबे ने कहा कि कांग्रेस लखीमपुर खीरी में बेमतलब का हो हल्ला मचाए हुए है वो जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के द्वारा लगातार की जा रही हिन्दुओं की हत्याओं पर मौन क्यों साधे हुए है, क्या कश्मीर भारत का अंग नहीं है, क्या कश्मीर के वाशिंदे भारत के नागरिक नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि अपना अस्तित्व खो चुकी कांग्रेस को राष्ट्र धर्म निभाना चाहिए और अपनी नियत ठीक करना चाहिए, अलगाववादी ताकतों का साथ देने की बजाय देश का साथ देना चाहिए। नहीं तो आने वाले समय मे कांग्रेस का नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचेगा और कांग्रेस इतिहास की पौराणिक कथाओं की तरह दर्ज होकर रह जाएगी।