केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोहद, मेहगांव, भिण्ड एवं अटेर में रोड शो कर चुनावी सभाओं को किया संबोधित
भिण्ड, 04 नवम्बर। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को भिण्ड जिले में विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो एवं सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने सर्वप्रथम गोहद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य के समर्थन में खनेता में चुनावी सभा को संबोधित किया। तत्पश्चात विशाल रोड शो शुरू किया। यह रोड मेहगांव पहुंचने पर मेहगांव विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला के समर्थन में गोरमी तिराहे पर नुक्कड सभा को संबोधित किया। इसके पश्चात यात्रा भिण्ड पहुंची जहां भिण्ड विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह के समर्थन में खण्डा रोड पर विशाल आमसभा को संबोधित किया। वहीं अटेर विधानसभा के प्रत्याशी डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया के समर्थन में सभा को संबोधित किया।
केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बना दिया है, आज केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने भारत का स्वाभिमान बढ़ा दिया है, पहले हमारे देश की बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज सुना जाता है, हमें अपने देश के वैज्ञानिकों पर गर्व है कि इन्होंने चांद पर भारत झण्डा लहरा दिया। उन्होंने कहा कि अगर हमारे देश की तरफ कोई गलत निगाह से देखेगा तो हम इस पार भी और सीमा पार भी मारने की क्षमता रखते है। हमने कभी आंखों में धूल झोंकने वाली राजनीति नहीं की, हम आंखों में आंख डालने की राजनीति करते हैं, जब भाजपा देश व प्रदेश में अच्छे कार्य कर रही तो हमें भाजपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से विजयी बनाना चाहिए।
उन्होंने मेहगांव की सभा में भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को जिताने की जनता से अपील की। उन्होंने नुक्कड सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राकेश शुक्ला बेदाग चहरा हैं, जिस पर कोई दाग नहीं है, आप सबने राकेश शुक्ला को दो बार विजयी बनाया है इस बार 17 नबंवर को कमल के निशान वाला बटन दबाकर विजयी बनाईए, आगे राकेश शुक्ला को क्या बनाना है यह आप सब जानते हैं, हजारों समर्थकों के साथ राकेश शुक्ला ने रक्षामंत्री का स्वागत किया।
वहीं खनेता धाम पर भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि गोहद की जनता ने लालसिंह आर्य को तीन बार जीत दर्ज कराई है, अब एक चौका लगा दो। वहीं भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य ने कहा कि मुझे गोहद की जनता ने तीन बार अवसर दिया, मैंने कभी भी आपके सम्मान को गिरवी नहीं रखा, मैंने कभी भी दाग नहीं लगने दिया, गोहद में चारों ओर सडकों का जाल बिछाया गया, पुलों का निर्माण किया गया, शिक्षा के क्षेत्र में इंटर, हाईस्कूल का निर्माण किया, गोहद नगर में 133 करोड की जलावर्धन योजना स्वीकृत हुई और धरातल पर काम प्रगति पर है। क्षेत्र के 154 गांवों में शुद्ध पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है। उन्होंने जनता से कहा कि आप मुझे जिताने की गारंटी दो मैं आपको तीन गारंटी देता हूं, सम्मान सुरक्षा व विकास की गारंटी देता हूं। सभा उपरांत छीमका तिराहे से बिरखडी तक केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का रोड शो किया गया। जिसमें सैकडों युवा मोर्च कार्यकर्ता मोटर साइकिल रैली के साथ चल रहे थे। इस दौरान सांसद संध्या राय, राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, केपी सिंह भदौरिया,जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सुनील भदौरिया, अशोक भारद्वाज, अजय सिंह भदौरिया, मायाराम शर्मा, सुमन तोमर, पूर्व विधायक श्रीराम जाटव, जयप्रकाश राजौरिया, रामबाबू उपाध्याय, कमल सिंह तोमर, अवधेश सिंह कुशवाह, अविनाश भटेले, गुड्डू भटेले, संग्राम सिंह तोमर, नरेन्द्र सिंह तोमर, सरदार रंजीत सिंह आदि उपस्थित थे।