हजारों समर्थकों के साथ लालसिंह आर्य ने जमा किया नामांकन
भिण्ड, 26 अक्टूबर। विधानसभा क्षेत्र गोहद से भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य ने गुरुवार को हजारों समर्थकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य ने दंदरौआ हनुमान मन्दिर, शीतला माता मन्दिर, छेकुर वाले हनुमानजी मन्दिर पर दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
तदुपरांत प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के साथ गोहद के महाराजा भीमसिंह राणा एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर, अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर रोड शो का श्रीगणेश किया। भाजपा प्रत्याशी लालसिह आर्य, प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा खुली कार में सवार होकर जनता का आशीर्वाद लेने निकले। रोड शो पुराने बस स्टैण्ड से नया बस स्टैण्ड स्थित भाजपा कार्यालय तक किया गया। यहां रोड शो के दौरान जनता ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, भाजपा की ताकत हमारा देवतुल्य कार्यकर्ता व जनता है। भाजपा की सरकार ने अनेक हितग्राही मूलक योजना संचालित हैं, जिनसे हितग्राहियों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। कार्यकर्ता कर्मठता से चुनाव प्रचार में जुट जाएं। भाजपा प्रत्याशी लालसिंह आर्य ने कहा कि में कारीगर का बेटा हूं, मुझे पार्टी ने पहचान दी और गोहद की जनता ने अपार स्नेह दिया। आज मैं जो कुछ भी हूं, वो गोहद की जनता का आशीर्वाद है। मुझे आपके सहयोग व आशीर्वाद की जरूरत है, हमें लोगों के बहकावे में नहीं आना हैं, हमें अपने गोहद का भविष्य तय करना है।