आदित्यपुरम में दशहरा मिलन समारोह आयोजित
ग्वालियर, 25 अक्टूबर। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के महापर्व विजयादशमी के अवसर पर दशहरा मिलन समारोह मंगलवार को राजराजेश्वरी गार्डन आदित्यपुरम ग्वालियर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम के चित्र पर अतिथियों ने माल्यार्पण कर भगवान राम की वंदना की। दशहरा मिलन समारोह में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद बलवीर सिंह तोमर, अंगद सिंह कुशवाह, भंवर सिंह जादौन, मोहन सिंह कुशवाह, पूर्व मण्डी अध्यक्ष लहार उत्तम सिंह कुशवाहा मंचासीन थे। संचालन डॉ. रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं विजेन्द्र सिंह तोमर ने संयुक्त रूप से किया। स्वागत भाषण योगेन्द्र सिंह नोनेरा ने दिया।
बलवीर सिंह तोमर ने अपने उदबोधन में बताया कि सभी लोग मिल-जुलकर एकता प्रदर्शित करें, यही बात भगवान श्रीराम के चरित्र से प्रदर्शित होती है। क्योंकि उन्होंने बंदर, भालू, भील आदि को इकट्ठा करके रावण को मार गिराया था। मोहन सिंह कुशवाह ने अपने उदबोधन बताया कि श्रीराम के चरित्र से हम सभी को यही प्रेरणा मिलती है कि गरीब, कमजोर वर्ग के लोगों को मदद करना चाहिए, दुष्ट और राक्षसों को नाश करना चाहिए। सभी उपस्थित समुदाय को दशहरा मिलन की शुभकामनाएं, छोटों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उत्तम सिंह कुशवाह, श्रीमती संजना राजावत, भंवर सिंह जादौन आदि ने उदबोधन दिया। अंत में आभार डॉ. रविन्द्र सिंह कुशवाहा ने प्रदर्शित किया।