‘पितृ तर्पण’ अभा कवि सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा- पितर और पूर्वज हमारे आदर्श होते हैं
भिण्ड, 04 अक्टूबर। मीसाबंदी डॉ. रामकृष्ण सिंह जादौन की स्मृति में मंगलवार को स्थानीय जयश्री गार्डन में ‘पितृ तर्पण’ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम उपस्थित लोगों ने डॉ. जादौन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात वक्ताओं ने कहा कि हमारे पितर और पूर्वज हमारे आदर्श होते हैं। एक पिता अपना संपूर्ण जीवन परिवार को संवारने में लगा देता है। उनका सम्मान और स्मरण करना हमारा धर्म है।
कवि सम्मेलन का संचालन कर रहे राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित डॉ. सुनील त्रिपाठी ‘निराला’ ने अपने गीत की पंक्तियां यूं सुनाई- ‘वो चाहे सूक्ष्म हो, स्थूल हो विश्वास होता है। पिता के रूप में ईश्वर हमारे पास होता है।। दुआओं का खजाना हैं, ये मालामाल होते हैं। खुले में हैं सभी बच्चे पिता तिरपालर होते हैं।। सुबह घर से निकलते, शाम को को लौट आते हैं। खुशी की थैलियां में कुछ न कुछ सामान लाते हैं।। कहां से लाएं ये एहसास भी होने नहीं देते। पिताजी भूख से संतान को रोने नहीं देते।। पिता खुश हैं तो फिर घर में खुशी का वास होता है। पिता के रूप में ईश्वर हमारे पास होता है।।
वहीं बाहर से आए कवि एडवोकेट वेदप्रकाश मणि अलीगढ़, राजकुमार भरत एटा, वीरेन्द्र तिवारी उरई, डॉ. अंजना कुमार कानपुर, डॉ. शिवेन्द्र सिंह शिवेन्द्र रौन, हरीबाबू शर्मा निराला मिहोना, किशोरीलाल बादल भिण्ड, आशुतोष शर्मा नंदू, इन्द्रबहादुर सिंह, श्रीकृष्ण शर्मा नखलौली, धर्मेन्द्र त्रिपाठी के द्वारा कविता पाठ किया गया। उपस्थित अथिति कवियों को शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा अपने पूर्वजों की स्मृति में सम्मानित किया गया। जिसमें पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भिण्ड गोपाल मिश्रा स्मृति सम्मान सेवादल के जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, रामदयाल शर्मा, भुवनेश शर्मा स्मृति सम्मान डॉ. हरविलास शर्मा एवं उनके पुत्र आशुतोष शर्मा, लाखन सिंह कुशवाह असनेहट स्मृति सम्मान आचार्य गजेन्द्र सिंह कुशवाह, रामशरण शास्त्री श्रीमती गिरिजा देवी स्मृति सम्मान सनत कुमार शर्मा, राजेश कुमार शर्मा ने भेंट किया।
डॉ. शैलेन्द्र परिहार ने अपने पिता शेरसिंह परिहार मसूरी की स्मृति में कवियों को सम्मानित किया। अहिल्या त्रिपाठी स्मृति सम्मान डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला द्वारा तथा नाथूराम गुप्ता वियोगी सम्मान नगर पालिका भिण्ड में स्वच्छता निरीक्षक नरेन्द्र कुमार गुप्ता एवं उनके भाई अनिल कुमार गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. शिवेन्द्र सिंह रौन ने कवियों को अपनी पुस्तक भेंट की। डॉ. रामकृष्ण सिंह जादौन के पुत्रगण विक्रम सिंह जादौन, एडवोकेट महेन्द्र सिंह तथा शत्रुघन सिंह जादौन द्वारा उपस्थित सभी कवियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विनोद सक्सैना, डॉ. राधेश्याम शर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशीष सिंह भदौरिया आशु, समाजसेवी पहलवान सिंह भदौरिया, अर्पित मुदगल, भाजपा प्रवक्ता अजय शर्मा समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।