अटेर के उदोतपुरा गांव में सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 19 सितम्बर। अटेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उदोतपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आगामी जन आक्रोश रैली की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई।
सम्मेलन में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष मनोज दैपुरिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। 2018 में डेढ साल का कार्यकाल छोड दिया जाए तो मप्र में 2003 से भाजपा की सरकार है। भाजपा ने विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया है। कांग्रेस की पुरानी योजनाओं का नाम बदलकर उनका नए सिर से लोर्कापण कर दिया है। उन्होंने कहा कि अटेर के किसानों की तकदीर बदलने वाली कनैरा योजना अभी तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। जबकि भाजपा सरकार हर कार्यकाल में इसका श्रेय लेने में जुटी हुई है। अटेर में चंबल नदी का पुल चालू नहीं होने से इस क्षेत्र का विकास थमा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में जिले में कांग्रेस की जनआक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों में कार्यकर्ता पूरी तरह से जुट जाएं, साथ ही लोगों के सामने सरकार की विफलताओं को रखें। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां पार्षद से लेकर विधायक-सांसद का टिकट भी उनकी सहमति से दिया जाता है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एकजुट रहने का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रकाश यादव, हाजी नत्थू खान, थानसिंह यादव, रामकुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।