वर्ग विशेष के खिलाफ की अमर्यादित टिप्पणी
वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल होने पर की एफआईआर दर्ज, पांच आरोपी गिरफ्तार
भिण्ड, 07 अगस्त। जिले के गोहद चौराहा थाना परिसर में रविवार की शाम एक शातिर बदमाश ने अपने एक साथी का जन्मदिन थाने पर मनाया गया है, वह ग्वालियर के बिजौली थाना का हिस्ट्रीशीटर है। मामला यहीं तक सीमित नहीं, जन्मदिन सेलिब्रेट किए जाने के बाद भडकाऊ भाषण भी दिए दिया गया। ये मामला जब चल रहा था, तब गोहद चौराहा पुलिस मूकदर्शक बनी हुई सब देख रही थी।
जानकारी के मुताबिक डांग गांव रहने वाला कमल नागर अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन में सवार होकर छींमका गांव में रहने वाले राजकुमार के घर पहुंचा। यहां वो अपने साथी नगद उर्फ वंशप्रताप धनौलिया निवासी सुपावली थाना बिजौली जिला ग्वालियर (आरोपी पर कई मामले दर्ज हैं) का जन्मदिन मनाने गया था। जन्मदिन का जश्न मनाते हुए रैली निकाल रहा था, तभी यहां ग्रामीणों से विवाद हो गया।
बताया जाता है कि कमल नागर अपने समर्थकों के साथ गांव में जन्मदिन मनाते हुए जातिगत शब्दों का उपयोग कर रहे थे। तभी गांव के एक समाज के लोगों ने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने खरग सिंह पुत्र देवीसिंह तोमर निवासी खनेता की बन्दूक छीन ली, यह बन्दूक खरग सिंह की पत्नी के नाम थी, मामला बढ़ता देख पूरा गांव विरोध में उतर आया। इसके बाद सीधे वह गोहद चौराहा पहुंचा। करीब 20 से 25 लोगों ने थाने पर पहुंचकर अपनी शिकायत पुलिस से की। इसी समय कमल नागर ने अपने साथी का जन्मदिन पुलिस थाने के गेट पर माला पहनवाकर सेलीब्रेट किया। इसके बाद एक समाज के खिलाफ जातिगत शब्दों का उपयोग भी किया गया।
आरोपी पर दर्ज हैं हत्या का प्रयास, दुष्कर्म जैसे मामले
बताया जा रहा है कि कमल नागर आजाद समाज पार्टी का जिला अध्यक्ष भी है। पिछले दिनों देह शोषण जैसे मामले में एण्डोरी थाना में मुकद्दमा दर्ज हुआ था, इसके बाद जेल गया था। करीब तीन महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आया। कमल के विरुद्ध ग्वालियर जिले के महाराजपुरा, भिण्ड जिले के मालनपुर, गोहद चौराहा, गोहद और मौ थाने में करीब डेढ़ दर्जन अपराध पंजीबद्ध हैं। वह राजनीति में भी सक्रिय रहता है, भिण्ड व ग्वालियर के कई राजनेताओं का नजदीक बताया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला गर्मा गया और पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर कमल नागर, विकास जाटव, राजकुमार जाटव, विवेक जाटव सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।