भिण्ड, 08 जून। भारत विकास परिषद महिला शाखा जागृति द्वारा द्वारा बच्चों में अच्छे संस्कार, भारत के सांस्कृतिक ज्ञान, शारीरिक सौष्ठव एवं सामाजिक दायित्व की भावना के विकास के लिए आठ से 14 जून तक चलने वाले सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का आयोजन स्थानीय शा. उत्कृष्ट विद्यालय क्र.एक के प्रांगण में किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन गुरुवार को सुबह छह बजे से आठ बजे तक विभिन्न क्रियाकलापों का आयोजन किया गया। शिविर का प्रारंभ सामूहिक वंदे मातरम के गायन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय क्र.एक के प्राचार्य पीएस चौहान एवं भानु श्रीवास्तव रहे। मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया।
प्राचार्य चौहान ने अपने उदबोधन में कहा कि संस्कार विहीन शिक्षा समाज के लिए परेशानी का कारण बन जाती है, हमें अपने बच्चों को ऐसे बाल संस्कार शिविरों में अवश्य भेजना चाहिए, जिससे कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ हमारे संस्कारों से भी जुड़े रहें और उत्कृष्ट समाज की रचना कर सकें। डॉ. उमा शर्मा द्वारा विभिन्न संस्कृत के मंत्रों एवं शुभाषित श्लोकों का सस्वर वाचन कर उनका अर्थ सरल भाषा में बच्चों को बताया। साक्षी पाठक ने चंदन है इस देश की माटी बच्चा बच्चा राम है गीत प्रस्तुत किया। इसी क्रम में परिषद की अध्यक्ष ऊषा नगरिया ने बाल संस्कार शिविर के उद्देश्यों एवं आवश्यकता पर प्रकाश डाला। परिषद की वरिष्ठ सदस्य आभा जैन ने बच्चों को एक रोचक कहानी के द्वारा नियम की महत्वता एवं ईश्वर के प्रति आस्था का संदेश दिया।
सत्र के अगले चरण में शिविर सह संयोजक एवं योग शिक्षिका रेखा अग्रवाल ने बच्चों को विभिन्न योग प्राणायाम के साथ सूर्य नमस्कार की क्रिया कराई। बच्चे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें इस हेतु एथलेटिक्स के खिलाड़ी श्रेया यादव, कोच निश्चल यादव एवं मुंबई से आई बास्केटबॉल प्लेयर संजना ने बच्चों को कई छोटे-छोटे व्यायाम एवं आत्मरक्षार्थ ताइक्वांडो के पंच निकालना सिखाए। अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को दूध केले एवं बिस्किट वितरित किए गए। यह शिविर 14 जून तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला जागृति शाखा की वरिष्ठ सदस्य अरुणा पाठक, आभा जैन, शिविर संयोजक प्रियंका शुक्ला, सचिव रत्ना कुशवाह कोषाध्यक्ष दीपशिखा शर्मा, सुनीता सोनी, दिव्या शिवहरे, सोनाली अग्रवाल एवं श्रवण पाठक, धीरज शुक्ला, कैलाश नगरिया, मनोज दीक्षित, देवकांत बरुआ आदि सदस्य सम्मिलित हुए।