डीजल-पेट्रोल के बढ़े हुए दाम वापस ले केन्द्र सरकार : रामहरी

 डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने दिया धरना

मेहगांव, 11 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं मप्र कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर शुक्रवार को मेहगांव में रिलायंस पेट्रोल पंप पर कांग्रेसी नेताओं ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम आयोजक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामौतार चौधरी थे। इस अवसर पर मप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव रामहरी शर्मा एडवोकेट, सेवादल उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर शर्मा कल्लू, युवा कांग्रेस के राहुल भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रामहरी शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में भाजपा की सरकार द्वारा डीजल पेट्रोल के दामों में बे हताशा वृद्धि की है। जिसे अतिशीघ्र वापस लिया जाए। अन्यथा कांग्रेस का कार्यकर्ता केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जन आंदोलन को लेकर सड़क पर उतरेंगे।
सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर शर्मा कल्लू ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के लेकर अपने विचार रखे। युवा कांग्रेस के नेता राहुल भदौरिया, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामअवतार चौधरी एडवोकेट ने भी भाजपा की कथनी और करनी में अंतर बताया। कार्यक्रम को जबर सिंह कुशवाह, इलियास मोहम्मद खान, पूर्व नप अध्यक्ष अजमेर सिंह गुर्जर, विकास चौधरी, राहुल डामोर, अंकित तोमर, मनीष शिवहरे, डॉ. ब्रजकिशोर मौर्य, विकास चौधरी, उसमान खान, जवान सिंह गुर्जर, पवन चौधरी, रेजी गुरू इत्यादि ने संबोधित किया। प्रशासनिक अधिकारी के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर कांग्रेस जनों ने तहसील मुख्यालय के सामने केन्द्र की भाजपा सरकार और जिला प्रशासन का पुतला फूंका। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी व आमजन उपस्थित थे।