शिवपुरी की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन का हो संरक्षण : सिंधिया

– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी के विकास पर विस्तृत चर्चा कर किया रोडमैप तैयार
– ट्रैफिक सुधार, पार्किंग और पर्यटन को सर्वोच्च प्राथमिकता

शिवपुरी, 16 अक्टूबर। केन्द्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को शिवपुरी जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संबंधित अधिकारीगण, स्थानीय विधायक, पार्टी पदाधिकारी और जन प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में शिवपुरी शहर के सौंदर्यीकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रमुख विकास कार्यों की योजना तैयार की गई। उन्होंने सभी जन प्रतिनिधियों के सुझाव लेते हुए शिवपुरी के विकास का रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया।
सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिवपुरी शहर में होने वाले प्रत्येक विकास कार्य का उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना, यातायात को सुगम करना और शहर की सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहरों का संरक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, टिकाऊ सामग्री और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए।
ट्रैफिक, पार्किंग और पर्यटन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा
बैठक में शिवपुरी शहर के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए। सिंधिया ने कहा कि शहर के ट्रैफिक सुधार और पार्किंग सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। शिवपुरी को एक आकर्षक पहचान देने के लिए शहर के प्रवेश द्वारों को भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाया जाए। माधव नेशनल पार्क के महत्व को देखते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई पर्यटन एवं जलक्रीड़ा परियोजनाओं पर विचार किया गया। शहर के मुख्य स्थलों, जैसे माधव वाटिका और ऑक्सीजन पार्क के सौंदर्यीकरण पर कार्य किया जाए, साथ ही सेल्फी प्वाइंट्स विकसित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख सड़क चौड़ीकरण कार्यों और अन्य आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
स्थानीय संस्कृति और विरासत का सम्मान बनाए रखें
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें और जनता से निरंतर संवाद स्थापित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवपुरी की धरती पर होने वाले हर विकास कार्य में स्थानीय संस्कृति और परंपरा की आत्मा झलकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा साझा लक्ष्य शिवपुरी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, साथ ही सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से आकर्षक बनाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि शहर वासियों के सहयोग से ही शिवपुरी एक उदाहरणीय शहर बन सकता है।