रोटी बचाने के लिए पांच अप्रैल को करेंगे दिल्ली कूच : यादव

सीटू एवं खेत मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक आयोजित

भिण्ड, 05 मार्च। भाजपा मोदी सरकार ने देश का कोयल, लोहा, सार्वजनिक कारखाने को बेचकर चंद देशी-विदेशी उद्योगपतियों को दे दिए, देश में कुछ लोगों की आय बढ़ी है पर देश पर कर्ज बढ़ रहा है। अंग्रेजों ने केवल नमक पर टैक्स लगाया था, भाजपा की मोदी सरकार ने समस्त खाद्य पदार्थ पर पांच से लेकर 18 प्रतिशत तक टैक्स लगाया है। दूसरी तरफ रोटी पर मुनाफा कमाने के लिए पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। इसके खिलाफ देश की मेहनतकश जनता आगामी पांच अप्रैल को दिल्ली के लिए कूच करेगी। यह बात मप्र किसान सभा के राज्य महासचिव अखलेश यादव ने राजहोली में आयोजित मप्र किसान सभा सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू), खेत मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। बैठक की अध्यक्षत विनोद सुमन, नरेन्द्र सिंह सेंगर, राकेश प्रजापति ने की।
मप्र किसान सभा के जिला महासचिव राजेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण उत्तम खेती घाट की खेती हो गई है, अन्नदाता आत्म हत्या कर रहा है, कृषि में उत्पादन लागत निरंतर बढ़ रही है, लेकिन किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने कहा कि मजदूरों के हितैषी 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर भाजपा मोदी सरकार ने मजदूरों के हक अधिकारों को छीना है। बैठक में डॉ. नदीम खान, दिलावर सिंह बघेल, राकेश प्रजापति, श्रीकृष्ण बाल्मीकि, ब्रजमोहन कुशवाह, रामकेश केवट, रामचंद्र सिंह भदौरिया, राजेश गोला, गोपाल गुप्ता, गुड्डू शेजवार आदि उपस्थित रहे।