कांग्रेस ने आलमपुर में निकाली हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा

भिण्ड, 04 मार्च। आलमपुर कस्बे में शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा की जनविरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकाली गई। विधानसभा लहार में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही हाथ जोड़ो यात्रा के अंतिम दिन शनिवार को यात्रा का शुभारंभ कांग्रेस नेता बसंतीलाल चौधरी ने राघवनगर खिरिया से हरी झण्डी दिखाकर किया।
इसके बाद यात्रा हरिहरेश्वर मन्दिर होते हुए वार्ड 12 से लक्ष्मी मन्दिर के रास्ते रजरापुरा पहुंची। जहां से यात्रा पुलिया पुरा होते हुए कामांक्षा देवी मन्दिर के सामने से खोडऩ मोहल्ला होकर मुख्य मार्ग से पुलिस थाने के सामने से गुजरकर पुरानी नगर परिषद होकर मुख्य बाजार के रास्ते कांग्रेस कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान नगर में सभी जगह कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियों को लेकर आमजन को पर्चे दिए गए व एक दूसरे से हाथ से हाथ मिलाकर कांग्रेस पार्टी का साथ देने का आग्रह किया और भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों को जनता के बीच उजागर किया गया।
इस दौरान आलमपुर ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार त्रिपाठी ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का पूरे प्रदेश में सफाया होगा और पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा के राज में महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है एवं आमजन महंगाई से त्रस्त है। आलमपुर प्रभारी रमा चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास यात्रा निकालकर लोगों को गुमराह कर रही है, विगत वर्षों में धरातल पर विकास हुआ ही नहीं है। मप्र की शिवराज सरकार झूठे वादे करके लोगों को ठगने का काम कर रही है, कांग्रेस पार्टी का हाथ जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है।
सेक्टर प्रभारी कलीम पठान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव गरीब, बेसहारा, जरूरतमंदों की आवाज उठाने का काम करती है। उन्होंने भाजपा की नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि एक तरफ जहां भाजपा की विकास यात्रा गांव में योजनाओं का पिटारा लेकर घूम रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में सरकार की नाकामी को उजागर करने का प्रयास कर रहे हैं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवीन तिवारी ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई ने देश के किसान और जवान दोनों को कमजोर कर दिया है। भाजपा सरकार द्वारा बाबा साहब के संविधान को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।

यह लोग रहे मौजूद

इस मौके पर महताव सिंह कौरव नगर परिषद अध्यक्ष, अतर सिंह कौरव, नीरज चौधरी, सीताराम सविता, अंशु परिहार, श्रीराम दुबे, उत्तम चौधरी, शैलू कानूनगो, केपी बुंदेला, मानवेन्द्र कौरव, साहिल खान, दिलीप चौधरी, पंकज कौरव, राजा बुंदेला, वीपी पटैल, महेन्द्र कौरव, रज्जन छागला, उदयवीर कौरव, इनके अलावा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।