शादी वाले घर में खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर

छह माह के बच्चे समेत 11 लोग झुलसे

भिण्ड, 20 फरवरी। जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के कचनावकलां गांव में दर्दनाक घटना घटी। यहां एक घर में शादी की रस्में पूरी हो रही थीं कि तभी घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। जिससे शादी की खुशियां उस वक्त चीख पुकार में तब्दील हो गईं। इस हादसे में घर में मौजूद 11 लोग झुलस गए, वहीं एक छह माह का बच्चा भी गंभीर रूप से जल गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसमें आधा दर्जन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कचनावकलां गांव में अमर सिंह यादव के बेटे रिंकू की शादी 22 फरवरी को है, जिसके कार्यक्रम की तैयारी चल रही हैं। सोमवार के दिन रिंकू के तेल चढ़ाए जाने की रस्म निभाई जा रही थी। इसी दरम्यान सुबह 11 बजे के करीब घर में मेहमानों के लिए खाना बनाते समय पांच किलो वाला छोटा सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी जद में घर में मौजूद लोग भी आ गए। हादसे में छह माह के बच्चे समेत 11 लोग झुलस गए। ग्रामीणों द्वारा घायलों को उपचार हेतु मेहगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है।