मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर पर श्रीराम कथा का पंचम दिवस
भिण्ड, 19 फरवरी। श्री मंशापूर्ण हनुमान जी की प्रेरणा से श्रीराम कथा के भव्य आयोजन में पंचम दिवस श्रीश्री 1008 जगत्गुरू रामस्वरूपचार्य जी महाराज ने अपने मुखारविंद से राम विवाह की कथा का वर्णन किया। इस अवसर पर श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर श्री रामदास जी महाराज दंदरौआ सरकार मंचासीन रहे।
श्रीराम कथा में श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज ने कहा कि गुरू की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान राम शिवजी के धनुष की प्रत्यंचा चढ़ाने लगे और धनुष टूट गया। इस प्रकार सीता जी का विवाह राम से हुआ। भारतीय समाज में राम और सीता को आदर्श दंपत्ति (पति-पत्नी) का उदाहरण समझा जाता है। राम सीता का जीवन प्रेम, आदर्श, समर्पण और मूल्यों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने बताया कि राम विवाह एक आदर्श विवाह है। तुलसीदास ने राजा दशरथ, राजा जनक, राम व सीता की तुलना करते हुए बताया है कि ऐसा समधी, ऐसा नगर, ऐसा दुल्हा, ऐसी दुल्हन की तीनों लोक में कोई बराबरी नहीं हो सकती।
उन्होंने कथा में कहा कि राजा जनक ने अपनी बेटी के लिए स्वयंवर रचाया। उन्होंने एक प्रतिज्ञा रखी कि जो शिव पिनाक को खण्डन करेगा वो सीता से नाता जोड़ेगा। उस धनुष को तोडऩे के लिए कई राजा व राजकुमार पहुंचे, लेकिन सभी विफल रहें। ऐसे में राजा जनक ने सभा में कहा कि आज धरती वीरों से विहीन हो गई है, सभी अपने घर जाएं। इसके बाद लक्ष्मण को क्रोध आया और उन्होंने कहा कि अगर श्रीराम की आज्ञा हो तो धनुष क्या, पूरे ब्रह्माण्ड को गेंद की तरह उठा लूं। उन्होंने कहा कि धनुष अहंकार का प्रतिक है व राम ज्ञान का प्रतीक। जब अहंकारी व्यक्ति को ज्ञान का स्पर्श होता है तब अहंकार का नाश हो जाता है। श्रीराम में वो अहंकार नहीं था और उन्होंने धनुष उठाया और उनका विवाह सीता से हुआ। श्रीराम विवाह में दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। इस बीच संगीतमय कथा में श्रृद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और पूरा पंडाल जनकपुरी में तब्दील हो गया।
कथा में पूर्वमंत्री चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी, पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, परीक्षत बृजभूषण सिंह तोमर, मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर समिति के अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह जादौन, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एडवोकेट अवधेश सिंह कुशवाह, एडवोकेट मायाराम शर्मा, ओमप्रकाश पुरोहित, डॉ. गुलाब सिंह, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर, आभा जैन, सीमा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया, पूरन सिंह राजावत, जिलामंत्री राघवेन्द्र सिंह भदौरिया एवं उपेन्द्र राजौरिया, जिला कार्यालय प्रभारी आरबी सिंह बघेल एडवोकेट, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामनरेश शर्मा, एडवोकेट राममिलन शर्मा, भाजपा नेता विनोद शिवहरे आरती में मौजूद थे।
राम वन गमन की कथा आज
श्री मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर पर चल रही श्रीराम कथा में 20 फरवरी राम वनवास की कथा का वर्णन श्रीश्री 1008 रामस्वरूपाचार्य के मुखारविंद से किया जाएगा। वहीं 21 फरवरी को भरत चरित्र, 22 फरवरी को हनुमान चरित्र, 23 फरवरी को राज्याभिषेक की कथा का प्रसंग किया जाएगा।