आत्मरक्षा से ही हमारी नारी शक्ति सुरक्षित रह सकती है

भिण्ड, 29 जनवरी। शासकीय महाविद्यालय मेहगांव एवं क्रीड़ा-भारती के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन छात्राओं को मार्शल आर्ट, सेल्फ डिफेंस की बारीकियां बताई गईं। यह प्रशिक्षण किशोरी स्पोर्ट्स क्लब के संचालक राधेगोपाल यादव, क्रीड़ा भारती मध्यभारत प्रांत के प्रांत प्रचारक अरविन्द शर्मा, श्रीमती ज्योति नरवरिया, माधवी चौधरी, नेहा यादव, अपूर्वा त्रिपाठी और सुनीता भदोरिया द्वारा दिया जा रहा है।

महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. हर्षद मिश्र ने बताया कि लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को ध्यान में रखते हुए, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें स्कूलों, कॉलेज में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करना महत्वपूर्ण है, आत्मरक्षा प्रशिक्षण एक जीवन कौशल है, जो लड़कियों को अपने परिवेश के बारे में अधिक जागरुक होने और किसी भी समय अप्रत्याशित स्थिति के लिए तैयार रहने में मदद करता है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से लड़कियों को मनोवैज्ञानिक, बौद्धिक और शारीरिक रूप से इतना मजबूत बनना सिखाया जाता है कि वे संकट के समय खुद की रक्षा कर सकें। आत्मरक्षा प्रशिक्षण तकनीक लड़कियों में आत्मविश्वास पैदा करती है। इस तीन दिवयसीय आत्म रक्षा प्रशिक्षण में लगभग 60 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं। जो सभी छात्र-छात्राओं को बहुत पसंद आ रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आरके डवरिया के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, जिसमें महाविद्यालय का सहयोग मिल रहा है।