जिले में अगले तीन वर्षों में नवीन स्वास्थ संस्थाओं की स्वीकृति एवं निर्माण

पूर्व से संचालित के उन्नयन हेतु प्रस्ताव स्वास्थ विभाग को भेजे
जिला स्वास्थ समिति की बैठक आयोजित

भिण्ड, 09 जून। स्वास्थ विभाग द्वारा जिले के सभी ब्लॉक में स्वास्थ संस्थाओं के गेप को भरने अगले तीन वर्षों में विभिन्न स्तर पर नवीन उप स्वास्थ केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र स्वीकृति एवं निर्माण हेतु साथ ही पूर्व से स्थापित स्वास्थ संस्थाओं के उन्नयन हेतु प्रस्ताव मांगे गए है। इस हेतु जिला स्वास्थ समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में वर्चुअल माध्यम से सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया, सांसद श्रीमती संध्या राय, विधायक भिण्ड संजीव सिंह जुड़े। इस दौरान सभागार से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एडीएम प्रवीण फुलपगारे, जिला पंचायत सीईओ जेके जैन, सीएमएचओ डॉ. अजीत मिश्रा, आईएमए से डॉ. गुलाब सिंह सहित अन्य अधिकारी, स्वास्थ्य समिति सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने प्रस्ताव जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विकास खण्ड अटेर में 11 उप स्वास्थ केन्द्र, दो प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र एवं एक सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र, विकास खण्ड भिण्ड में सात उप स्वास्थ केन्द्र, चार प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र एवं एक सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र, विकास खण्ड गोहद में पांच उप स्वास्थ केन्द्र, पांच प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र, विकास खण्ड लहार में नौ उप स्वास्थ केन्द्र, एक प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र, विकास खण्ड मेहगांव में 12 उप स्वास्थ केन्द्र, चार प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र विकास खण्ड रौन में तीन उप स्वास्थ केन्द्र, दो प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र हेतु प्रस्ताव समिति के अनुमोदन के बाद स्वास्थ विभाग को भेजा जा रहा है। साथ ही जिला अस्पताल का 300 बिस्तर से 600 बिस्तर हेतु उन्नयन, मेहगांव के 30 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र का 100 बिस्तर सिविल अस्पताल में उन्नयन, सिविल अस्पताल लहार का 50 विस्तर से 100 बिस्तर में उन्नयन, सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र अटेर का भी सिविल अस्पताल में उन्नयन हेतु समिति ने प्रस्ताव स्वास्थ विभाग को भेजा जा रहा है। गोहद में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल पूर्व से ही स्वीकृत हो चुका है।